परौर सत्संग भवन में वीआईपी क्वारंटाइन

By: May 30th, 2020 12:16 am

प्रशासन-सेवक लोगों को दे रहे हर सुविधा; तीन समय खाना, टूथ ब्रश-साबुन-सेनेटाइजर-बिस्कुट-चिप्स-फ्रूट

पालमपुर-इंस्टीच्यूशनल क्वारंटाइन सेंटर राधा स्वामी सत्संग ब्यास परौर में महाराष्ट्र के थाने से आई विशेष ट्रेन से 247 तथा गुजरात के अहमदाबाद से 215 यात्री जिला कांगड़ा से संबंधित क्वारंटाइन में हैं। इसके अतिरिक्त कांगड़ा जिला से संबंधित 35 लोग भी अपनी गाडि़यों से यहां पहुंचे हैं। इन सभी लोगों को संस्थागत संगरोध केंद्र परौर में रखा गया है। 24 मई को पठानकोट तथा ऊना से एचआरटीसी की बसों के माध्यम से परौर लाया गया था। जिला प्रशासन ने सभी लोगों के कोविड टेस्ट की सुविधा भी परौर में ही उपलब्ध करवाई है।   क्वारंटाइन में रह रहे लोगों में 492  के कोविड टेस्ट करवा दिए गए हैं। कोविड टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद इन लोगों को होम क्वारंटाइन में रहने के दिशा -निर्देश जारी कर घरों के रवाना किया जाएगा। प्रशासन ने सभी लोगों के ठहरने के लिए बहुत बढि़या इंतजाम किया है। राधा स्वामी सत्संग के सहयोग से पोष्टिक भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। यहां क्वारंटाइन लोग अच्छे इंतजामों के लिए सरकार और प्रशासन की सराहना कर रहे हैं। लोगों की सुरक्षा के लिए पालमपुर प्रशासन की ओर से सभी यात्रियों के लिए टूथ पेस्ट, ब्रश, नहाने और कपड़े धोने का साबुन, तेल, सेनेटाइजर तथा मास्क भी निःशुल्क उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।  छोटे बच्चों के लिए बिस्कुट, चिप्स तथा फ्रूट भी उपलब्ध करवाया जा रहा है। बाजार से जरूरत का सामान लेने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, जिसमे काल कर लोग बाजार से भी समान उपलब्ध हो पा रहा है। एसडीएम पालमपुर धर्मेश रामोत्रा ने बताया कि इससे पूर्व गोवा से भी 15 मई को राधा स्वामी सत्संग में जिला कांगड़ा के 321 लोग आए थे, जिन्हें  स्कैनिंग के बाद होम क्वारंटाइन में भेज दिया गया था। 18 मई को भी मुंबई से 248 लोग यहां लाया गयाए सभी के कोविड टेस्ट के उपरांत नेगेटिव लोग होम क्वारंटाइन के लिए अपने अपने घरों को भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि राधा स्वामी सत्संग ब्यास परौर में लगभग एक हजार लोगों के ठहरने की व्यवस्था प्रशासन द्वारा राधा स्वामी सत्संग ब्यास के सहयोग से की गई है। यहां लगभग एक हजार लोगों के लिए अलग अलग शौचालयों और बाथरूम उपलब्ध हैं। सत्संग के सेवक दिन-रात लोगों की सेवा में लगे हैं। इंस्टीच्यूशनल क्वारंटाइन में रखे गए लोगों के लिए सुबह का नाश्ता, चाय, दोपहर और रात के भोजन के अलावा छोटे बच्चों के लिए दूध व बुजुर्गों के लिए खिचड़ी इत्यादि का इंतज़ाम भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तहसीलदार पालमपुर वेद प्रकाश अग्निहोत्री की अगवाई में पालमपुर प्रशासन तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के स्वयंसेवी दिन-रात परौर में लोगों की सेवा में डटे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App