बल्ह के बगला में 22 लोग किए क्वारंटाइन

नेरचौक – उपमंडल बल्ह के बगला में एक निजी होटल में जिला मंडी के विभिन्न स्थानों के 22 लोगों को 14 दिनों के लिए संस्थागत क्वारंटाइन किया गया है। विदित रहे कि ये सभी लोग रेड जोन दिल्ली से वापस लौटे हैं, जिन्हें प्रशासन द्वारा बगला के एक निजी होटल में संस्थागत क्वारंटाइन किया गया है। सरकार द्वारा कोविड-19 गाइड लाइंस के अंतर्गत रेड जोन से आने वाले लोगों को प्रशासन संस्थागत क्वारंटाइन सुविधा प्रदान कर रहा है, जिसके तहत जिला भर में अब स्कूलों, पंचायतों के अलावा निजी होटलों को भी आवश्यकता के अनुसार संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर बनाया जा रहा है। दिल्ली से लौटे ये सभी 22 लोग जिला मंडी के विभिन्न स्थानों के हैं। इनमें सिर्फ एक व्यक्ति ही उपमंडल बल्ह का रहने वाला है।

सात दिन बाद लिए जाएंगे सैंपल

संस्थागत सेंटर में रहने वालों के सात दिन बाद कोरोना वायरस के सैंपल लिए जाएंगे। सैंपल जांच में जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव आएगी, उन्हें घर भेजकर सात दिन और होम क्वारंटाइन में रहना होगा। यदि किसी व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आती है, तो उसे कोविड-19 अस्पताल में उपचार हेतु दाखिल किया जाएगा।