बिंदल निर्दोष, तो क्यों छोड़ा पद

By: May 30th, 2020 12:21 am

स्वास्थ्य विभाग में घोटाले को लेकर कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा-पवन काजल-आशीष बुटेल-केवल पठानिया ने किया सियासी हमला, डीसी के माध्यम से राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

धर्मशाला-स्वास्थ्य विभाग में हुए घोटाले को लेकर कांगड़ा जिला कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शुक्रवार को उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय महाजन के नेतृत्व में कांगड़ा के विधायक पवन काजल, पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल, धर्मशाला से पूर्व मंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सुधीर शर्मा व प्रदेश कांग्रेस के महासचिव केवल सिंह पठानिया सहित अन्य सदस्यों ने उपायुक्त कांगड़ा के माध्यम से राज्यपाल हिमाचल प्रदेश को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय महाजन ने कहा कि जहां एक और कोरोना महामारी के बीच देश और प्रदेश में गंभीर संकट चला हुआ है। वहीं, दूसरी ओर प्रदेश में कोरोना महामारी के उपकरणों की खरीद फरोख्त पर एक बहुत बड़ा घोटाला हुआ है। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश में यह एक गंभीर घटना हुई है और ऐसा प्रदेश में पहली बार हुआ है। जब किसी बड़ी पार्टी के अध्यक्ष को पद छोड़ना पड़ा हो। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष रहे बिंदल यह कह रहे हैं कि वह नैतिक ग्राउंड पर पद छोड़ रहे हैं और वह निर्दोष हैं तो वह पद क्यों छोड़ रहे हैं।  कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के मामले की जांच उच्च न्यायालय के सिटिंग जज द्वारा करवाने की मांग की है। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष व कांगड़ा के विधायक पवन काजल और पालमपुर से विधायक व कांग्रेस नेता आशीष बुटेल ने आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी ऐसे घोटाले हुए हैं, जिन्हें उजागर करना बहुत जरूरी है। उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के इस्तीफे पर कहा कि भाजपा अध्यक्ष द्वारा कहा जा रहा है कि उन्होंने नैतिक आधार पर इस्तीफा दिया है, लेकिन इसमें सरकार के कई अन्य लोग भी शामिल होंगे। जिसकी जांच उच्च न्यायालय के सिटिंग न्यायधीश द्वारा करवाई जानी चाहिए। इसके अलावा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव केवल सिंह पठानिया ने कहा कि कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि इस समय किसानों की फसलों फल व सब्जियां बारिश और आंधी तूफान से बर्बाद हुई हैं, उन्हें आर्थिक सहायता दी जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App