यूएन की चेतावनी, सब तबाह कर देगा कोरोना, वैश्विक उत्पादन में 8500 अरब डालर नुकसान होने का दावा

By: May 30th, 2020 12:05 am

न्यूयार्क – संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने चेतावनी दी है कि कोविड-19 महामारी अकल्पनीय तबाही का कारण बन सकती है और इससे भीषण भूख और अकाल की शुरुआत हो सकती है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस महामंदी का अगर सभी राष्ट्रों ने मिल-जुलकर जवाब नहीं दिया, तो वैश्विक उत्पादन में 8500 अरब डालर की कमी होगी। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने विकास के लिए वित्त पोषण पर उच्च-स्तरीय कार्यक्रम में कहा कि हमें इससे बचना चाहिए। महामारी ने हमारी कमजोरी को सामने ला दिया है। हाल के दशकों की सभी तकनीकी और वैज्ञानिक प्रगति के बावजूद हम एक सूक्ष्म वायरस के कारण एक अभूतपूर्व मानवीय संकट में हैं। उन्होंने एकजुटता के साथ इस अभूतपूर्व संकट का जवाब देने की जरूरत पर जोर दिया। गुटेरेस ने कहा कि यदि हम अभी कार्रवाई नहीं करेंगे, तो कोविड-19 महामारी दुनिया भर में अकल्पनीय तबाही और पीड़ा की वजह बनेगी। भयानक भूख और अकाल की स्थिति होगी। छह करोड़ से अधिक लोग अत्यधिक गरीबी में चले जाएंगे। करीब आधा वैश्विक कार्यबल यानी 1.6 अरब लोग बिना आजीविका के होंगे।  उन्होंने कहा कि महामारी के चलते वैश्विक उत्पादन में 8500 अरब अमरीकी डालर तक की कमी हो सकती है, जो 1930 की महामंदी के बाद सबसे तेज कमी होगी।

सूडान के पूर्व राष्ट्रपति बशीर जेल में आइसोलेट

सूडान के पूर्व राष्ट्रपति उमर बशीर को कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए शुक्रवार को जेल में आइसोलेट कर दिया गया। बशीर पर भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद उन्हें राष्ट्रपति पद से बर्खास्त कर दिया गया था। उन्हें दो साल जेल की सजा सुनाई गई थी। जेल में उनके साथ रहने वाले तीन कैदी संक्रमित मिले थे।  इसके बाद उन्हें जेल के अंदर एक कैदी को रखे जाने वाले सेल में भेज दिया गया।

यूएन ने टाला मौसम पर होने वाला वर्ल्ड समिट

संयुक्त राष्ट्र ने महामारी को देखते हुए मौसम पर होने वाला वर्ल्ड समिट एक साल के लिए टाल दी है। समिट सीओपी 26 में दुनिया भर के 196 देशों के शामिल होने की उम्मीद थी। यह इस साल नौ नवंबर से ग्लासगो में शुरू होने वाला था।

बोल्सोनारो बोले लॉकडाउन से अपमान

ब्राजील में के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो ने देश में लॉकडाउन लागू करने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि महापौरों और राज्यपालों का सब कुछ बंद करने का यह तरीका देश का अपमान है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App