हिमाचल भाजपा के नए अध्यक्ष को तलाश तेज

By: May 30th, 2020 12:01 am

मुख्यमंत्री की पसंद पर मुहर लगाएगा हाइकमान, सरकार-संगठन में तालमेल बिठाने वाला बनेगा वर्किंग प्रेजिडेंट

शिमला – डा. राजीव बिंदल की विदाई के बाद हिमाचल भाजपा के नए अध्यक्ष के लिए तलाश तेज हो गई है। केंद्रीय हाइकमान ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को इसके लिए नए वर्किंग प्रेजिडेंट का नाम सुझाने के लिए कहा है। हालांकि केंद्रीय हाईकमान ने जातीय व क्षेत्रीय संतुलन को त्वज्जो देने की बात कही है। क्षेत्रीय संतुलन के आधार पर कांगड़ा जिला इस समय हाशिए पर चला गया है। पूर्व खाद्य मंत्री किशन कपूर और स्वास्थ्य विभाग संभालने वाले विपिन सिंह परमार के कैबिनेट से बाहर जाने से अब कांगड़ा में वैक्यूम खड़ा हो गया है। इस कारण कांगड़ा जिला से नए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की ताजपोशी इस संतुलन को सियासी तराजू में खरा साबित कर सकती है। इसके चलते भाजपा के महामंत्री एवं संसदीय क्षेत्र कांगड़ा-चंबा के प्रभारी त्रिलोक कपूर इसके लिए दावेदार हो सकते हैं। दिल्ली से आदेश जारी हुए, तो राज्यसभा सदस्य इंदू गोस्वामी हिमाचल भाजपा की पहली महिला प्रदेशाध्यक्ष बनने का कीर्तिमान स्थापित कर सकती हैं। इस जिला से कोई ब्राह्मण नेता भी असंतुलन की खाई को पाट सकता है। हालांकि जातीय समीकरण में दूसरी बार सांसद निर्वाचित हुए रामस्वरूप पार्टी के लिए बेहतर विकल्प हो सकते हैं। संगठन का अनुभव और मुख्यमंत्री की करीबियां उन्हें इस पद का प्रबल दावेदार बना रही है। बावजूद इसके मुख्यमंत्री के जिला का क्षेत्रीय संतुलन उनकी दावेदारी के संतुलन को बिगाड़ रहा है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा जातीय समीकरणों की पटकथा पर स्टीक बैठते हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल भी इसके लिए बेहतर विकल्प माने जा रहे हैं। दोनों ही नेता बिलासपुर जिला से आते हैं और यहां से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी हैं। इस कारण राज्य व केंद्र की कमान एक ही जिला को मिलने से सियासी पारा कितना चढ़ता है, यह देखने वाली बात होगी। केंद्र ऐसे प्रदेशाध्यक्ष की ताजपोशी चाहता है, जो सरकार व संगठन के बीच सेतू का काम कर सके। इसी कारण केंद्रीय हाईकमान ने वर्किंग प्रेजिडेंट के लिए मुख्यमंत्री की पसंद को तरजीह देने का मन बनाया है। सुंदरनगर के युवा विधायक राकेश जम्वाल की पृष्ठभूमि और सीएम की वफादारी ने उन्हें अध्यक्ष की रेस में मजबूती से शामिल कर दिया है। उनके लिए भी क्षेत्रीय संतुलन बाधा बन सकता है। इसके चलते प्रदेश के दूसरे सांसदों और अन्य चेहरों को विकल्प के रूप में तलाशा जा रहा है।

एक नेता…पार्टी में अंतर्कलह शुरू

भाजपा संगठन के एक नेता की वजह से पार्टी में अंतर्कलह शुरू हो गई है। खासकर मोर्चों और प्रकोष्ठों की ताजपोशी के बाद कई मंत्री व विधायक मुखर हो गए हैं। जयराम सरकार ने पहले ही दिन से विवादों में रहे संगठन के इस नेता पर तोड़फोड़ के भी आरोप लग रहे हैं। इसके चलते मुख्यमंत्री से कई मंत्री-विधायकों ने संगठन के इस नेता के खिलाफ शिकायत की है। इसके अलावा केंद्रीय हाईकमान से भी यह मामला उठाए जाने की तैयारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App