सुबह सात से शाम सात बजे चलेंगी बसें
चंबा बस अड्डे का एसडीएम संग आरटीओ ने लिया जायजा
चंबा –क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी चंबा ओंकार सिंह ने कहा कि लाकडाउन- पांच के पहले दिन सोमवार से प्रदेश के अन्य जिलों की भांति जिला चंबा की सड़कों पर भी बसें दौड़ेंगी। परिवहन विभाग चंबा और निगम प्रबंधन ने सभी प्रकार की तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। रविवार को एसडीएम संग निगम प्रबंधन के साथ बस अड्डे का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं जांची गई हैं। निगम ने सभी बसों की मरम्मत और प्रशासन ने सेनेटाइजेशन कर पूरी तरह तैयार रखा है। चालकों और परिचालकों के लिए मास्क और सेनेटाइजर उपलब्ध करवा दिए गए हैं। परिचालकों को फेस शील्ड प्रदान किए जाएंगे। साथ ही उनकी और बसों द्वारा उठाई जाने वाली सवारियों की सुरक्षा के लिए भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। आरटीओ ने कहा कि बसों में यात्री सोशल डिस्टेंस के नियमों की पालना कर रही सफर कर पाएंगे। इसके लिए निगम ने तीन सीटों पर दो यात्री और दो सीटों पर एक यात्री बैठाने के लिए परिचालकों को निर्देश दिए हैं, जिन पर कोई यात्री नहीं बैठ सकेगा, उन सीटों को चिंहित भी किया गया है। बसों में केवल 60 प्रतिशत यात्री ही सफर कर पाएंगे। सरकार के आदेशानुसार फिलहाल बस सेवा का लाभ लोग सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक ही उठा पाएंगे। बस अड्डे पर अनावश्यक रूप से आने से परहेज करें। उन्होंने कहा कि बस में केवल वही यात्री सफर करें, जिन्हें अति आवश्यक कार्य हो। उन्होंने गर्भवती महिलाओंए वरिष्ठ नागरिकों और 10 वर्ष से कम आयु के बच्चों से यदि आवश्यक ना हो तो सफर ना करने का आहवान भी किया है।