ऊना में तीन बजे तक ही खुलेंगी दुकानें

By: Jun 2nd, 2020 12:15 am

व्यापार मंडल ने लिया दुकानें बंद करने का समय नहीं बढ़ाने का फैसला

ऊना-कोरोना दहशत के बीच बेशक प्रदेश सरकार ने रुक सी गई जिंदगी को फिर से पटरी पर लाने के लिए कर्फ्यू छूट को बढ़ा दिया है, लेकिन ऊना के व्यापारियों ने दुकानें खोलने व बंद करने का समय नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया है। ऊना शहर के व्यापारी सुबह सात से दोपहर तीन बजे तक ही दुकानें खोलेंगे। उक्त निर्णय सोमवार को व्यापार मंडल ऊना की संयुक्त बैठक में लिया गया। व्यापारियों ने एकमत निर्णय लिया कि दुकानें सुबह सात से सायं तीन बजे ही खोली जाएंगी। वहीं जिला प्रशासन के निर्देशों का भी बखूबी से पालन किया जाएगा। दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ-साथ प्रशासन के निर्देशों को पूरी तरह से फॉलो किया जाएगा।  व्यापार मंडल के प्रधान मोती कपिला, महासचिव रोहित शर्मा, सुमित अरोड़ा, विनय ककड़, राजेश सामा, राजू, प्रिंस राजपूत, नंद लाल पुरी, हरदीप सैनी, राजेश वशिष्ट, शामू पुरी, पंकज पुरी ने कहा कि अभी कोरोना वायरस का खतरा टला नहीं है। देश व प्रदेश में दिन पर दिन कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। वहीं प्रदेश में भी बाहरी राज्यों से लौट रहे लोगों के चलते कोरोना पीडि़तों की संख्या बढ़ी है। ऐसे में अहतियात बरतकर ही कोरोना महामारी से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बेशक कर्फ्यू में भारी छूट देकर जनता को राहत दी है, लेकिन जनता को भी जागरूक नागरिक का फर्ज अदा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसी के चलते व्यापार मंडल ने दुकानों का समय नहीं बढ़ाया है, बल्कि प्रशासन के तय समयानुसार ही दुकानें खोली व बंद की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोग भी पूरी अहतियात बरते और बाजार में खरीददारी करने आते समय मास्क लगाए व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।

सुबह आठ से शाम छह बजे तक खुलेगा बाजार

बडूही। बडूही बाजार सुबह आठ से सायं छह बजे तक खुलेगा। उक्त निर्णय व्यापार मंडल ने सामूहिक रुप से लिया है। व्यापार मंडल के प्रधान नरेंद्र शर्मा, उप प्रधान नीरज चोपड़ा, सचिव विजय कपिला, ईशान खन्ना, सतीश मेहता अन्य सदस्य गुरनाम, पवन शर्मा, विपन चौधरी, रिशु और अन्य सभी दुकानदारों ने सर्वसम्मति से यह फैसला किया कि अब हर रविवार को ही छुट्टी की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App