कोरोना ने तोड़ी छोटे व्यापारियों की कमर

By: Jun 6th, 2020 12:02 am

ऊना –कोरोना वायरस के संकट के बीच व्यापारियों ने बहुत ज्यादा दुख झेले हैं और लंबे समय तक का व्यापार बंद होने से आर्थिक नुकसान भी झेला है। छोटे व्यापारियों की कमर भी टूटी है। ऐसे में व्यापार मंडलों को तानाशाह ना बनकर एक मददगार बनने का काम करना चाहिए। यह बात  ऊना हलवाई यूनियन के अध्यक्ष व प्रतिष्ठित व्यापारी अश्विनी जेतिक ने कहीं। अश्वनी जेतिक ने कहा कि कोरोना संकट के बीच सभी व्यापारियों ने सरकार के दिशा निर्देशों का पालन किया है और चाहे आर्थिक नुकसान हुआ लेकिन सभी ने सहयोग करते हुए कोरोना जैसी महामारी से बचने व अपना सहयोग करने का काम किया है। अब जनजीवन सामान्य की ओर बहाल हो रहा है, प्रशासन ने जो छूट प्रदान की है, उसमें अब रूटीन व्यापार किया जा सकता है। ऐसे में सभी व्यापारियों को नियमों के पालन पर जोर देना चाहिए, ताकि जो नियम बनाए गए हैं उनका पालन हर व्यापारी करें और जैसे रूटीन में व्यापार पहले करते थे उसी प्रकार उसी प्रकार व्यापार को आगे जारी रखें। इस समय जब व्यापारियों को सहयोग समर्थन की जरूरत है, उस समय व्यापार मंडल को तानाशाही दिखाते हुए समय की पाबंदियां नहीं लगानी चाहिए, बल्कि इस समय तो व्यापार मंडल को छोटे हुए व्यापारियों की मदद हेतु नीति बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि सभी व्यापारी जो है वह अपने अपने व्यवसाय में सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करेंगे और मास्क लगाना, सोशल डिस्टेंस जैसी अनेक जो बातें बताई गई हैं उनका पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला के सभी व्यापारी सरकार व प्रशासन को समर्थन देने के पक्ष में है और पहले भी समर्थन दिया है ,भविष्य में भी देंगे। अब सरकार ने 5 बजे सुबह से लेकर रात 8बजे तक का समय छुट का रखा है तो ऐसे में इस समय में व्यापारी अपनी गतिविधियां करें और नियमों की अनदेखी ना हो इसका ध्यान रखना चाहिए ।उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल अनेक स्थानों पर अनेक प्रकार के आदेश जारी कर रहा है हम व्यापार मंडल के पक्ष में हैं ।लेकिन व्यापार मंडलों को इस समय उन लोगों की सूची बनानी चाहिए जिनके लिए परिवार चलाना मुश्किल हुआ है और उन्हें मदद मिले इसका कोई प्रावधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच के साथ व्यापार मंडल काम करें समय की बंदिश लगाना इस समय ठीक नहीं है। अश्वनी जेतिक ने कहा कि हम किसी व्यापार मंडल के विरुद्ध नहीं हैं। व्यापारिओं की एकता बनी रहनी चाहिए, हम इसके पक्ष में हैं। लेकिन यह समय जख्मों पर मरहम लगाने का है और यह काम सबको मिलकर करना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App