खोखले पेड़ों को लोगों ने बनाया डस्टबिन

By: Jun 1st, 2020 12:16 am

कुनिहार-कुनिहार क्षेत्र की करीब दो किलोमीटर मुख्य सड़क पर लगे विशालकाय वृक्षों के तने इतने खोखले हो चुके हैं कि आमजन ने इन्हें डस्टबिन के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। भवनों व दुकानों के लिए गंभीर खतरा बने इन बड़े वृक्षों को काटने के लिए जनता विभागों के दो पाटों में पिस रही है। लोगों ने संबंधित विभागों से जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की मांग की है। कुनिहार के मुख्य मार्ग पर सड़क के दोनों ओर विशालकाय सूखे पेड़ हादसों को न्योता दे रहे हैं। तेज हवाओं के चलते अकसर इनकी मोटी-मोटी टहनियां टूट जाती हैं, जिससे काफी नुकसान होता है। हाल ही में आए आंधी-तूफान के चलते इस मार्ग पर दो पेड़ गिर गए थे, जिससे बिजली के खंभे तक टूट गए थे। हैरानी की बात तो यह है कि इन सूखे पेड़ों को लोगों ने डस्टबिन की तरह इस्तेमाल करना भी शुरू कर दिया है। खोखले पेड़ों के बीच कूड़ा-कर्कट सरेआम देखा जा सकता है, जिससे गंदगी का भी आलम है। इन पेड़ों को काटने के लिए स्थानीय लोगों व सामाजिक संस्थाओं ने विभागीय अधिकारियों से बार-बार आग्रह किया है लेकिन दो विभागों के बीच लोग पिस रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि विभाग किसी बड़ी अनहोनी होने का इंतजार कर रहे हैं। तेज हवाएं चलने पर ये पेड़ जड़ों तक हिलते नजर आते हैं, जिससे साथ लगते मकानों को भी खतरा बना रहता है। लोगों ने सुरक्षा की दृष्टि से मांग की है कि जल्द से जल्द पेड़ों को काटा जाए।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App