चंबा की सड़कों पर दिखेगी एचआरटीसी

By: Jun 1st, 2020 12:22 am

अढ़ाई माह बाद आज से निगम के 52 रूटों पर दौड़ेंगी बसें

चंबा –जिला चंबा में सोमवार पहली जून से परिवहन निगम प्रबंधन अनुमानित 52 रूटों पर करीब अढाई माह बाद बस सेवा बहाल करेगा। इसके अलावा परिवहन निगम ने लंबे समय से छुटटी पर चल रहे करीब 70 फीसदी स्टाफ को ड्यूटी पर बुला लिया है। इसके साथ ही चालक- परिचालकों को फेस मास्क शील्ड, मास्क, गल्ब्स और हैंड सैनेटाइजर भी रविवार को उपलब्ध करवाते हुए ड्यूटी समझा दी गई है। इसके साथ ही चालकों व परिचालकों को बस सेवा आरंभ करने के लिए सरकार व निगम प्रबंधन की ओर तय दिशा- निर्देशों से अवगत करवाकर कडाई से पालन को कहा गया है। इसके बाद अब सोमवार सवेरे सात बजे से परिवहन निगम की बसें 52 रूटों पर दौडना आरंभ हो जाएगी। इनमें चंबा- शिमला सुपरफास्ट के एक इंट्रा डिस्ट्रिक्ट रूट के अलावा 51 रूट जिला के भीतर संचालित किए जाएंगें। बस में बिना मास्क के सवारियों की एंट्री बैन रहेगी। सरकारी आदेशों के मुताबिक बस में साठ फीसदी सवारियों को ही सफर की इजाजत रहेगी। नाइट स्टे वाली परिवहन निगम की बसों के चालक व परिचालक के खान- पान व ठहराव के लिए संबंधित पंचायतों के प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दी जा रही है। रविवार को निगम की कार्यशाला में बसों की सेनेटाइजेशन व रखरखाव का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है। बतातें चलें कि प्रदेश सरकार सोमवार से कुछ निर्धारित शर्तो के आधार पर परिवहन निगम की बस सेवा बहाल करने जा रही है। इसी कडी में चंबा जिला में भी परिवहन निगम ने अनुमानित 52 रूटों पर बस सेवा आरंभ करने का फैसला लिया है। सोमवार को परिवहन निगम ट्रायल आधार पर बस सेवा आरंभ करेगा। इसके बाद सवारियों की संख्या को देखकर इसमें इजाफा किया जाएगा। सोमवार को चंबा जिला के भीतर 51 रूटों के अलावा इंट्रा डिस्ट्रिक्ट के तौर पर एक रूट चंबा- शिमला सुपरफास्ट बस सेवा बहाल करेगा।

सात से शाम सात बजे तक चलेंगी बसें

सोमवार से परिवहन निगम की ओर से तय रूपरेखा के मुताबिक तीसा में छह, सलूणी में पांच, चुवाड़ी में सात, भरमौर- होली क्षेत्र में सात रूटों के अलावा लोकल रूट सिढकुंड, चंलूज, छतराडी, ख्वाली, कठन्ना व घरमानी आदि रूट पर बस चलाएगा। इन सभी रूटों पर सवेरे सात से शाम सात बजे के बीच बसें चलेंगी।

बस में सिर्फ बैठेंगी 60 फीसदी सवारियां

उधर, परिवहन निगम चंबा डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक सुभाष कुमार ने बताया कि सोमवार से 52 रूटों पर साठ फीसदी सवारियों की क्षमता के साथ बस सेवा बहाल की जा रही है। उन्होंने बताया कि स्टाफ को डयूटी पर बुलाने के साथ ही आवश्यक दिशा- निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि बिना मास्क के किसी भी सवारी को बस में नहीं चढाया जाएगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि सरकार के दिशा- निर्देशों के पालन  में निगम के स्टाफ  का  सहयोग करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App