जिंदगी जीती, कोरोना हारा

By: Jun 5th, 2020 12:20 am

बिलासपुर  – जिला बिलासपुर में अब तक 2057 लोगों के सैंपल कोविड-19 के लिए लैब जांच के लिए आईजीएमसी शिमला भेजे गए हैं। उनमें से 1990 सैंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई हैं और 20 की रिपोर्ट अभी तक पॉजिटिव आई है और इनमें से आठ ठीक हो गए हैं। शेष 47 सैंपल की रिपोर्ट आना अभी बाकी है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रकाश दरोच ने दी। उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले सभी लोगों की बार्डर पर स्वास्थ्य जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार के आदेशानुसार जो लोग रैड जोन क्षेत्र से आ रहे हैं, उन्हें इस्टिच्यूशनल क्वारंटाइन में रखा जा रहा है, जबकि बाकी लोगों को डाक्टर के दिशा-निर्देशों के हिसाब से रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित सभी आदेशों का पालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आम जनता में किसी को भी बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ  हो तो वो अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर बताएं। अगर वो कोरोना टेस्ट के लिए कहें तो उनके द्वारा बताए गए स्वास्थ्य संस्थान में जाकर अपना टेस्ट अवश्य करवाएं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार कार्यस्थल पर सामाजिक दूरी व मास्क अनिवार्य कर दिए है। घर से बाहर जाने पर मास्क का प्रयोग अनिवार्य व सार्वजनिक स्थानों पर थूकना भी दंडनीय अपराध है।  उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस (कोविड-19) के बारे में सभी को पूर्ण ज्ञान होना बहुत जरूरी है। इसके क्या लक्षण हैं, इसके बचाव के लिए हमें क्या करना चाहिए और क्या नहीं। कोराना वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में संक्रमण के जरिए फैलता है। कोरोना वायरस के लक्षण बुखार, खांसी व सांस लेने में तकलीफ मुख्य हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस से बचने के लिए सामाजिक दूरी बनाए रखें, अपने हाथों को साबुन व पानी से दिन में बार-बार कम से कम 20 सेकेंड तक अवश्य धोए या सेनेटाइजर का उपयोग करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App