देवभूमि पर कोरोना हावी 340 केस

By: Jun 2nd, 2020 12:01 am

नालागढ़ में दो और मामले

नालागढ़। उपमंडल में कोरोना पॉज़िटिव के दो नए मामले आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। सोमवार सुबह ही आई रिपोर्ट में दो लोग पॉज़िटिव पाए गए हैं। प्रशासन के मुताबिक नालागढ़ के रामशहर में इंस्टीच्यूशनल क्वारंटाइन किए गए वेस्ट बंगाल से आए लोगों में से एक व्यक्ति पॉज़िटिव आया है, जबकि दूसरा शख्स वेस्ट बंगाल से आने के बाद नालागढ़ के दत्तोवाल में होम क्वारंटाइन रहा और उसके बाद अपने घर रतवाड़ी गया था। वहां से उसका सैंपल लिया गया था। नालागढ़ में अब कोरोना के 17 मामले एक्टिव रह गए है, जबकि स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक तीन पॉज़िटिव लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।

दो रिपोर्ट नेगेटिव, तीसरी में पॉज़िटिव हुआ ऊना का युवक

ऊना। महाराष्ट्र से लौटा 25 वर्षीय युवक कोरोना वायरस से पॉज़िटिव पाया गया है। युवक बंगाणा उपमंडल का रहने वाला है। हालांकि युवक की पहले दो बार ली गई रिपोर्ट नेगटिव आई थी, लेकिन इसकी तीसरी रिपोर्ट पॉज़िटिव आ गई है। युवक 17 मई को महाराष्ट्र से आया था। रेड ज़ोन से आने के चलते प्रशासन ने इसे संस्थागत क्वारंटाइन किया गया था।

चंबा में बढ़ी टेंशन, एक साथ चार नए केस

चंबा। जिला में सोमवार को कोरोना के चार नए मामले सामने आए हैं। इनमें दो लोग तमिलनाडू, एक दिल्ली से लौटा है और तिब्बतियन मूल की एक महिला दिल्ली से लौटी है। कोरोना पाज़िटिव दो लोग चुराह, एक जिला सिरमौर और महिला डलहौजी से संबंध रखती है। अब चंबा में एक्टिव केस 13 हो गए हैं। दोपहर बाद कोरोना पीडि़तों को उपचार के लिए कोविड केयर सेंटर बालू शिफ्ट कर दिया गया है, जहां उन्हें दस दिन तक निगरानी में रखा जाएगा।

सुंदरनगर भी चपेट में, मुंबई से आया कोरोना

सुंदरनगर। मंडी जिला में कोरोना का एक और मामला सामने आया है। मुंबई से अन्य लोगों के साथ लौटा सुंदरनगर के मलोह क्षेत्र का युवक अब कोरोना पाज़िटिव पाया गया है। हालांकि यह युवक मुंबई से पहुंचने के बाद से संस्थागत क्वारंटाइन में है। प्रशासन ने इस युवक व इसके अन्य साथियों को 27 मई से कनेड़ क्षेत्र के एक निजी होटल में रखा हुआ था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App