दो कूहलों के सुधारीकरण पर खर्च हो रहे 666 लाख

पालमपुर, सुलाह – विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने शुक्रवार को सुलाह हलके की दो मुख्य कूहलों के सुधारीकरण कार्य का मौक पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कूहलें किसानों के लिए जीवन रेखाएं हैं, जिनसे किसानों के खेत को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होती है।  उन्होंने शुक्रवार को परौर खास, खरौठ व बल्लाह गांव को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने  वाली कथूल कूहल का ग्राम पंचायत हंगलोह के री गांव में उदगम स्थल पर जाकर जायजा लिया। न्यूगल खड्ड से निकलने वाली कथूल कूहल के विस्तार और सुधार पर दो करोड़ छह लाख रुपए व्यय किए जा रहे हैं। इस कूहल से 106 हेक्टेयर क्षेत्रों को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। इसके उपरांत विधान सभा अध्यक्ष ने ग्राम पंचायत जिया-बड़सर में बनेर खड्ड से निकलने वाली कथुल कूहल डिगर डाया का भी निरीक्षण उदगम स्थल पर जाकर किया। उन्होंने कहा कि चार  करोड़ 60 लाख रुपए से बनने वालह कूहल लगभग एक माह में बनकर तैयार हो जाएगी।  श्री परमार ने सुलाह विधानसभा क्षेत्र के लिए पोलिटेक्निक कालेज स्वीकृत करने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का धन्यवाद किया।