महामारी में भी नहीं हारी नारी

By: Jun 29th, 2020 12:30 am

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बोले; लोगों के लिए फेस मास्क बनाकर बांटे, कोरोना को मात देने में बखूबी निभाई जिम्मेदारी

शिमला – कोरोना काल में महिलाओं ने अपनी भागीदारी बखूबी निभाई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला से संगठन जिला पालमपुर और कांगड़ा के भाजपा महिला मोर्चा की वर्चुअल रैलियों को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान महिलाओं ने प्रदेश के लोगों के लिए फेस मास्क तथा फेस कवर तैयार व वितरित करने का सराहनीय कार्य किया है। महिला मोर्चा ने प्रदेश में र्क्फ्यू के दौरान जरूरतमंद लोगों को राशन तथा पका हुआ भोजन प्रदान करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। तत्काल में प्रदेश भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान पंचायती राज संस्थानों तथा शहरी स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने वाला पहला राज्य था। प्रदेश में कोरोना वायरस की रोकथाम में आशा कार्यकर्ताओं ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आशा कार्यकर्ताओं ने एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान में आईएलआई लक्षणों वाले लोगों को चिन्हित कर सराहनीय कार्य किया है। शहरी विकास मंत्री सरवीण चैधरी ने महिलाओं के सशिक्तकरण के लिए अनेक योजनाएं आरंभ करने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। भाजपा महिला मोर्चा कांगड़ा की अध्यक्ष रंजू रस्तोगी ने कोविड-19 महामारी के दौरान जिला महिला मोर्चा द्वारा आरंभ की गई विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। राज्य महिला मोर्चा की अध्यक्ष रश्मि धर सूद ने वर्चुअल रैली में मुख्यमंत्री का स्वागत किया। राज्य भाजपा महासचिव त्रिलोक कपूर ने पार्टी के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए वर्चुअल रैली में अपना बहुमूल्य समय देकर भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। सांसद इंदु गोस्वामी, विधायक मुल्ख राज प्रेमी, रवि धीमान, रीता धीमान, अरुण मैहरा तथा विशाल नेहरिया, पूर्व विधायक संजय चैधरी ने भी रैली में भाग लिया।

क्वारंटाइंड लोगों पर रखी नजर

पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि जब पूरा विश्व कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ रहा है, तो ऐसे में महिलाएं न केवल मास्क बनाने तथा वितरित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, बल्कि यह भी सुनिश्चित कर रहीं है कि लोग होम क्वारंटाइन की अवेहलना न करें। उन्होंने महिलाओं से अधिक समर्पण तथा जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि भाजपा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में दोबारा सरकार बनाने मे सफल हो।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App