होम क्वारंटाइन का उल्लंघन, दो पर केस

By: Jun 1st, 2020 12:15 am

कर्फ्यू के आदेशों को दरकिनार करना पड़ा महंगा, पुलिस ने कसा शिकंजा

चंबा-वैश्विक कोरोना महामारी को लेकर जारी लॉकडाउन के बीच घर वापस पहुंचे दो लोगों को होम क्वारंटाइन के आदेशों की अवहेलना करना मंहगा पड़ा। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भादंसं की विभिन्न धाराओं और आपदा प्रबंधन अधिनियम 51 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर अमल में लाई है। पुलिस ने दोनों को निगरानी के लिए होम क्वारंटाइन से नजदीकी संस्थागत क्वारंटाइन केंद्र भेज दिया है। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि विपिन कुमार वासी गांव लोथल डाकघर चूड़ी और सूरज कुमार वासी गांव धरकोलियां डाकघर बगढार तहसील डलहौजी, जो कि हाल ही में बाहरी राज्य व जिला से लौटे हैं, होम क्वारंटाइन आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं। पुलिस ने सूचना के आधार पर जांच पडताल के दौरान दोनों को डीएम के आदेशों की अवहेलना का दोषी पाया। पुलिस ने विपिन कुमार और सूरज कुमार के खिलाफ  क्रमशः भरमौर व डलहौजी पुलिस थाना में मामले दर्ज किए हैं। उधर, एसपी चंबा डा. मोनिका भुटुंगरू ने होम क्वारंटाइन के आदेशों की अवहेलना करने पर दो लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कोविड- 19 संक्त्रमण से बचाव को लेकर जारी दिशा- निर्देशों की पालना न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। बहरहाल, पुलिस ने होम क्वारंटाइन की अवहेलना करने पर दो लोगों के खिलाफ मामले दर्ज कर संस्थागत क्वारंटाइन केंद्र में शिफ्ट कर दिया है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App