25 लाख अंशदान पर सराज की सराहना

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला से वर्चुअल रैली के दौरान जताया आभार

मंडी-मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराज भाजपा मंडल जिला मंडी की वर्चुअल रैली को शिमला से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न भागों में फंसे दो लाख से अधिक लोगों को विशेष रेलगाडि़यों और बसों के माध्यम से वापस लाया गया है तथा इस विपत्ति की घड़ी में प्रदेश के बाहरी राज्यों में फंसे एक भी व्यक्ति को मुसीबत का सामना नहीं करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि सराज क्षेत्र के लोगों द्वारा एचपी एसडीएमए कोविड-19 स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फंड में 25 लाख रुपए का अंशदान दिया गया है। उन्होंने सराज क्षेत्र के लोगों का कोरोना महामारी के दौरान सराहनीय कार्य करने के लिए भी धन्यवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा समय रहते लिए गए निर्णय के कारण ही यह संभव हुआ है कि आज भारत में कोरोना के कारण मृत्यु दर विकसित देशों की तुलना में कम है। जयराम ठाकुर ने क्षेत्र के लोगों को आश्वस्त किया कि धन अभाव को विकास के आड़े नहीं आने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकासात्मक परियोजनाओं को तय समय अवधि में समाप्त करने के लिए समुचित धन जारी किया जाएगा। मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में देश सुरक्षित है। इस दौरान मंडी भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह और भाजपा सराज मंडलाध्यक्ष भागीरथ शर्मा ने भी अपने विचार साझा किए।