ब्यास नदी के किनारों से रहें दूर

By: Jun 13th, 2020 12:20 am

कभी भी खोले जा सकते हैं पंडोह डैम के गेट, अलर्ट जारी

मंडी – गर्मी के मौसम के दौरान पहाड़ों पर पड़ी बर्फ  पिघलने के कारण पंडोह डैम का जलस्तर निरंतर बढ़ रहा है, जिसके चलते पंडोह डैम के कभी भी गेट खोेल जा सकते हैं। इसके चलते जिला प्रशासन ने लोगों से आह्वान किया है कि ब्यास नदी के किनारे न जाएं। क्योंकि गेट खोलते ही ब्यास नदी का जलस्तर कभी  भी बढ़ सकता है। यह जानकारी अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट श्रवण मांटा ने दी। उन्होंने बताया कि भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड ने जानकारी दी है कि बढ़ते जल स्तर के कारण पंडोह डैम के स्पिलवे गेट कभी भी खोले जा सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि दरिया के किनारे न जाएं ओर पूरी एहतियात बरतें, ताकि किसी भी प्रकार का कोई हादसा न हो। वहीं, बीबीएमबी प्रशासन लाउड स्पीकर के माध्यम से गाड़ी के माध्यम से भी सूचित कर लोगों को सर्तक  कर रहा है। ग्रामीण अपने मवेशियों को नदी के किनारे घास चरने के लिए न छोड़े।  अगर कोई नुकसान होता है। तो ग्रामीण स्वयं जिम्मेदार होंगे।

दो दिन से घर नहीं लौटा बीएसएल का कर्मचारी

सुंदरनगर। सुंदरनगर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मामले में एक कर्मचारी ड्यूटी पर जाने के बाद घर वापस ही नहीं लौटा। जानकारी के अनुसार बीएसएल परियोजना में कार्यरत एक कर्मचारी दो दिन पहले ड्यूटी पर गया था, लेकिन अभी तक वापस घर लौटा नहीं है। परिवार ने उसकी हर जगह तलाश की जब कोई सुराग ने मिला तो परिजनों ने थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार थाना बीएसएल कालोनी में दर्ज कराई प्राथमिकी में सुनीता कुमारी पत्नी बलविंद्र सिंह ने कहा है कि उसका पति नौ जून को घर से ड्यूटी पर गया था, लेकिन दो दिन बीतने के बाद भी वह लौटा नहीं है।  थाना प्रभारी प्रकाश चंद मिश्रा ने बताया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App