कर्मियों के एरियर से छेड़छाड़

By: Jun 29th, 2020 12:20 am

परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर ने उठाया चंबा डिपो का मसला

चंबा-हिमाचल परिवहन मजूदर संघ के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर ने परिवहन निगम के चंबा डिपो में एक आडिटर द्वारा कर्मचारियों के रात्रि भत्ते व ओवरटाइम सहित अन्य वित्तीय लाभों में फर्जीवाडे की जांच के दौरान उजागर तथ्यों को लेकर कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं। उन्होंने प्रबंधन को तथ्यों और सबूतों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2017 से 2019 तक आरोपित कर्मचारी के सैलरी अकाउंट में परिवहन कर्मचारियों का साढ़े 11 लाख रुपए से ज्यादा पैसा जमा हुआ है। उन्होंने कहा कि चंबा डिपो में ऐसी धोखाधड़ी और हेराफेरी न केवल ड्राइवर और कंडक्टरों के साथ की गई है बल्कि चंबा से ट्रांसफर, रिटायर हुए अनेकों कर्मचारियों के पैसे को भी अपने सैलरी अकाउंट में जमा करवाया गया है। समय-समय पर परिवहन कर्मचारियों को मिलने वाले एरियर से भी बड़े पैमाने पर छेड़छाड़ की गई है। दो अगस्त 2017 को चंबा से ट्रांसफर हुए एक इंस्ट्रक्टर के एरियर का 16,448 रुपए भी अपने सैलरी अकाउंट में डाला गया है। इतना ही नहीं अचानक मृत्यु को प्राप्त हुए कर्मचारियों को भी नहीं बख्शा गया। वर्ष 2019 में स्वर्ग सिधार चुके रामपाल ड्राइवर के एरियर के 1 लाख 31 हजार 911 रुपए जानबूझकर किसी और के अकाउंट में डाल दिए गए। तदोपरांत इस पैसे की नकद वसूली की गई है। बतातें चलें कि पिछले दिनों हिमाचल परिवहन मजदूर संघ चंबा डिपो में कार्यरत आडिटर पर कर्मचारियों का फर्जीवाडे से पैसे हडपने की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर की थी। इसी बीच परिवहन मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष ने आडिटर के कारनामों का काला चिटठा उजागर कर जांच टीम को सौंपा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App