रिकांगपिओ में जल्द बनाओ नगर परिषद

रिकांगपिओ-एक बार फिर रिकांगपिओ में नगर पंचायत या नगर परिषद बनाने की मांग उठने लगी है ताकि चुनी हुई संस्था रिकांगपिओ की बेहतर  सुध ले सके। किनोरिंग सोशल डिवेलपमेंट फाउंडेशन के अध्यक्ष शांति स्वरूप पंचारस सहित महासचिव ठाकुर बिष्ट ने बताया कि रिकांगपिओ धीरे-धीरे शहर का रूप लेता जा रहा है लेकिन यहां पर कोई भी चुनी हुई संस्था न होने के कारण यहां की बिगड़ती हालत को पटरी पर रखने के लिए कोई  गंभीर नहीं है। लिहाजा रिकांगपिओ में नगर पंचायत या नगर परिषद का गठन किया जाना अनिवार्य है। संस्था के प्रतिनिधियों ने यह भी बताया कि रिकांगपिओ साड़ा क्षेत्र में इस समय समस्याओं का अंबार भरा पड़ा है। यहां पर न तो शौचालयों की प्रॉपर सफाई हो पाती है और न ही गंदे पानी की निकासी की सुव्यवस्था है। ऐसी और भी कई समस्याएं है जो रिकांगपिओ की बदहाली में चार चांद लगा रही है। इस बारे सरकार व प्रशासन बिलकुल भी गंभीर नही है। साड़ा के पास हमेशा धन का ही अभाव रहता है। उन्होंने कहा कि संस्था जल्द ही मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश से मिल कर रिकांगपिओ को जल्द नगर पंचायत या नगर परिषद के गठन की मांग उठाएगी।