योग रख निरोग

By: Jun 23rd, 2020 11:05 am

योग से हमारा शरीर तंदुरुस्त और निरोग रहता है। योग हेल्दी रहने में कई तरह से मदद करता है और मांसपेशियों को भी मजबूत बनाता है…

योग का हमारे जीवन में विशेष महत्त्व है और यह हमें कई प्रकार के गंभीर रोगों की चपेट में आने से भी बचाता है। इतना ही नहीं कुछ विशेष प्रकार के योगासन हमें विभिन्न बीमारियों से निजात दिलाने में और उनसे होने वाले जोखिम को कम करने में भी मददगार साबित होते हैं। शोध और रिसर्च में भी इस बात का दावा किया जा चुका है कि योग सेहत से जुड़ी कई प्रकार की समस्याओं को खत्म कर सकता है। योग से हमारा शरीर तंदुरुस्त और निरोग रहता है। योग हेल्दी रहने में कई तरह से मदद करता है और मांसपेशियों को भी मजबूत बनाता है। आइए जानते हैं योग के फायदे।

कैंसर का खतरा – कैंसर एक ऐसी गंभीर बीमारी है, जो हमारे खान- पान और डेली रूटीन में शामिल खराब आदतों के कारण हो सकती है। जबकि योगाभ्यास करने वाले लोगों में इस बीमारी का खतरा कई गुना तक कम हो जाता है। इसलिए नियमित रूप से योग करके कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की चपेट में आने से बचा जा सकता है।

पाचन क्रिया को करे ठीक

पाचन क्रिया ठीक होने से आप कई प्रकार की बीमारियों की चपेट में आने से बचे रहेंगे। हमारे शरीर में बीमारियों का कारण प्रमुख रूप से पेट ही माना जाता है। बालासन जैसी योग मुद्रा पाचन क्रिया को ठीक करती है और आपको पेट की जुड़ी बीमारियों से बचाए रखने में भी मदद करती है।

हृदय रोगों से रहेंगे दूर

हृदय रोगों से बचे रहने के लिए आपको अपनी सेहत और दिनचर्या पर विशेष ध्यान देना होगा। रोज सुबह उठने के बाद अगर आप 5 से 10 मिनट योग करते हैं, तो इससे आपकी सेहत काफी अच्छी रहेगी। हृदय रोग के खतरे को कम करने के लिए योगासन की विशेषता को वैज्ञानिक शोध के द्वारा भी स्वीकार किया गया है।

ब्लड प्रेशर बना रहेगा सामान्य

ब्लड प्रेशर से जुड़ी समस्याओं से बचने के लिए योग आपकी मदद कर सकता है। एक वैज्ञानिक अध्ययन के अनुसार इस बात की पुष्टि की गई है कि शरीर में ब्लड सर्कुलेशन को सामान्य रूप से बनाए रखने के साथ-साथ ब्लड प्रेशर को संतुलित बनाए रखने में योग अहम भूमिका निभा सकता है।

रेड ब्लड सैल्स में होगी बढ़ोतरी

रेड ब्लड सैल्स के काउंट को बढ़ाने के लिए आपको आयरन युक्त खाद्य पदार्थ और सब्जियों का सेवन करना चाहिए। इसके साथ-साथ योगासन से होने वाले फायदों की बात करें, तो यह प्रभावी रूप से शरीर में रेड ब्लड सैल्स को बढ़ाने का काम करता है। योग करने से हमारे शरीर में आक्सीजन की मात्रा सभी अंगों तक सामान्य रूप से पहुंचती है जिसके कारण ब्लड सर्कुलेशन काफी अच्छा हो जाता है और रेड ब्लड सैल्स को बढ़ाने में भी मदद मिलती है।

श्वसन तंत्र होगा मजबूत

योग में कई ऐसी मुद्राएं होती हैं, जिसे हम अपनी श्वसन प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए कर सकते हैं। प्राणायाम भी एक ऐसा ही विशेष गुण रखता है, जिसमें हम अपने श्वसन तंत्र को सुचारू रूप से कार्य करने और सांस संबंधी बीमारियों से बचे रहने के लिए अभ्यास करते हैं। इसलिए योगासन करने के साथ-साथ मजबूत श्वसन तंत्र के लिए आप प्राणायाम का भी अभ्यास कर सकते हैं।

इम्युनिटी बढ़ाने में मिलेगी मदद

इम्युनिटी को मजबूत बनाने के लिए आप कई प्रकार के खाद्य पदार्थों का सहारा लेते हैं। योग करने से हमारे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है। इसका प्रभाव हमारे शरीर को कई प्रकार के संक्रामक बीमारियों से बचाए रखने में मदद करता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App