कोरोना पॉजिटिव के संपर्क   में आए 186

By: Jul 12th, 2020 12:18 am

बिलासपुर में 40 लोग क्वारंटाइन सेंटर-146 लोग होम क्वारंटाइन

जुखाला-बिलासपुर जिला में शुक्रवार को सदर उपमंडल से संबंधित बिहार राज्य के मजदूर कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद बाहरी राज्यों के मजदूरों के अलावा स्थानीय लोगों को भी क्वारंटाइन किया गया हैं। इसमें 40 लोगों को संस्थागत क्वारंटाइन किया गया है, वहीं 146 लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है। यह मजदूर बंदलाधार पर बन रहे हाईड्रो इंजीनियरिंग कालेज के निर्माण कार्य में लगे थे। अब होम क्वारंटाइन होने के बाद इन मजदूरों को निर्माण कार्य में कार्य करने की कोई अनुमति नहीं होगी, जिससे अब कालेज का निर्माण कार्य भी ठप पड़ गया है। बिहार राज्य से संबंधित मजदूर चार जुलाई को बिलासपुर के बंदला पहुंचा था। जिसे स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्वारंटाइन किया गया था। निर्धारित प्रक्रिया के तहत इस मजदूर के सैंपल जांच के लिए आईजीएमसी शिमला भेजे गए। शुक्रवार शाम को यह मजदूर पॉजिटिव पाया गया। जिला प्रशासन होम क्वारंटाइन व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद एकदम हरकत में आया और शनिवार को खंड चिकित्सा कार्यालय से एक टीम बंदला पहुंची। वहां पर इस व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों का आंकड़ा एकत्रित कर उन सभी को क्वारंटाइन किया गया।  शनिवार को कार्यकारिणी खंड चिकित्सा अधिकारी डा. वरुण शर्मा ने अपनी टीम सहित इस क्षेत्र का दौरा किया और इस व्यक्ति के संपर्क में आए सभी लोगों को क्वारंटाइन किया। डा. वरुण के अनुसार यह व्यक्ति बिहार का रहने वाला है और चार जुलाई को बिहार से हाईड्रो इंजीनियरिंग कालेज बंदला में काम करने के लिए पहुंचा था। इसके बाद जिला प्रशासन ने इस व्यक्ति को होम क्वारंटाइन किया था, लेकिन जहां यह व्यक्ति रह रहा था वहां इसके साथ 40 मजदूर रह रहे थे। जबकि 16 अन्य लोकल लोग जो इसके सेकेंडरी कांटेक्ट में थे, उन सभी को होम क्वारंटाइन किया है। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रकाश दड़ोच ने खबर की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App