पांच दिन में एक लाख पॉजिटिव, डरावनी रफ्तार से बढ़ रहे कोरोना के मामले, 24 घंटों में मिले 19148 नए मरीज

By: Jul 3rd, 2020 12:07 am

भारत में डरावनी रफ्तार से बढ़ रहे कोरोना के मामले, 24 घंटों में मिले 19148 नए मरीज

नई दिल्ली – कोरोना वायरस के मामले भारत में डरावनी रफ्तार से बढ़ रहे हैं। हालात कितने खराब हो चुके हैं, इसका अंदाजा इस बात से लगाइए कि पिछले पांच दिन में एक लाख से ज्यादा केसेज सामने आए हैं, जबकि पहले एक लाख केसेज तक पहुंचने में भारत को 110 दिन लगे। फिर अगले 45 दिन में ही पांच लाख नए मामले सामने आ चुके हैं। बुधवार रात तक देश में कोरोना मरीजों की संख्या छह लाख का आंकड़ा पार कर चुकी थी। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 19,148 नए मामले सामने आए हैं। वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान इस संक्रमण से 434 लोगों की मौत हुई है। इसी अवधि में 11,881 रोगी संक्रमणमुक्त हुए हैं। कोविड-19 इंडिया डॉट ओआरजी के मुताबिक, गुरुवार को खबर लिखे जाने तक देश में 19503 नए मरीज सामने आए थे, जिससे कुल संक्रमितों की संख्या 6,24,724 तक पहुंच गई। गुरुवार को 18529 और मरीज ठीक होकर लौट आए। अब तक देश 3,78,432 मरीज कोरोना के खिलाफ जंग जीत चुके हैं। 2,29,825 केसेज अब भी एक्टिव हैं। गुरुवार को 366 संक्रमितों की मौत होने से मृतकों को आंकड़ा 18,214 पहुंच गया। कोविड-19 इंडिया डॉट ओआरजी पर मौजूद आंकड़ों के अनुसार, देश के टोटल केसेज में 1.86 लाख से ज्यादा केस महाराष्ट्र से हैं। इसके बाद तमिलनाडु और दिल्ली का नंबर है। इसके अलावा हरियाणा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में तेजी से नए केसेज सामने आ रहे हैं। तमिलनाडु में गुरुवार को 4343 नए केस सामने आने से मरीजों का आंकड़ा 98392 तक पहुंच गया। राज्य में 57 और मरीजों की मौत हो गई। वहीं 3095 मरीज स्वस्थ हो गए। राज्य मेें अब तक 1321 लोगों की जान जा चुकी है और 56021 मरीज ठीक हो चुके हैं। गुरुवार को दिल्ली में 2373 नए मामलों की पुष्टि हुई और 61 की मौत हो गई। राजधानी में कुल संक्रमितों की संख्या 92175 तक पहुंच गई है और अब तक 2864 लोगों की मौत हो चुकी है।

जून में तेजी से बढ़े संक्रमण के केस

देश में कोरोना वायरस का पहला मामला 30 जनवरी को केरल में सामने आया था। 100 मामलों से एक लाख (19 मई) का आंकड़ा पहुंचने में 64 दिन लगे थे। तीन जून को संक्रमितों की संख्या दो लाख के पार पहुंच गई थी। कोविड-19 के मामलों की संख्या तीन लाख पार होने में 10 दिन लगे तथा चार लाख पहुंचने में और आठ दिन लगे। उसके बाद अगले पांच दिन में ही एक लाख से ज्यादा नए केस आ गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App