भुंतर में वन भूमि पर 54 अवैध कब्जे

By: Jul 14th, 2020 12:02 am

विभाग ने तैयार की अतिक्रमणकारियों की लिस्ट, जल्द चलेगा कार्रवाई का डंडा

भुंतर-भुंतर में सरकारी भूमि पर कुंडली मारने वालों पर शिकंजा कसने वाला है। वन विभाग ने उन सभी अतिक्रमणकारियों की लिस्ट तैयार कर ली है, जिन्होंने भुंतर और आसपास के इलाकों में वन भूमि पर कब्जा जमा रखा है। विभाग ने इसे हटाने के लिए कानूनी कार्रवाई आरंभ कर दी है। लिहाजा अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचना आरंभ हो गया है। जानकारी के अनुसार वन विभाग ने भुंतर और आसपास के 54 कब्जों की पहचान कर लिस्ट बनाई है और इस पर आगामी कार्रवाई शुरू की है। प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद जहां पूरे प्रदेश में वनभूमि पर हुए अवैध कब्जों को हटाने की कवायद हुई, वहीं जिला के प्रवेश द्वार भुंतर में वन व राजस्व विभाग द्वारा वन भूमि पर हुए अवैध कब्जों की पहचान करके उन्हें हटाने का अभियान चला दिया है। वन विभाग के अनुसार राजस्व विभाग अन्य मामलों में भी जल्द डिमार्केशन करके उसकी रिपोर्ट उनके कार्यालय को भेजेगा। उसके बाद अन्य अवैध कब्जों को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी। पार्वती वन मंडल के वनमंडल अधिकारी एंजल चौहान के अनुसार 54 मामलों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है और इसके अलावा अन्य मामलों पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि किसी भी अवैध कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बहरहाल, भुंतर व आसपास के इलाकों में अवैध कब्जा जमाने पर वन विभाग का शिकंजा कसने वाला है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App