मत्स्य आखेट किया तो होगी कार्रवाई

By: Jul 11th, 2020 12:20 am

विभाग ने शरारती तत्त्वों को दी चेतावनी, देऊरी और जीभी में किया निरीक्षण

बंजार-निदेशक एवं प्रारक्षी मत्स्य हिमाचल प्रदेश सतपाल मेहता ने उपनिदेशक मत्स्य पतलीकूहल सुशील जनारथा मत्स्य अधिकारी हांमनी फार्म, दुनी चंद आर्य, कनिष्ठ अभियंता हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड जीभी टेक सिंह, उपप्रधान एंग्लिंग एसोसियेशन कुल्लू संदीप कंवर व प्रधान जिभी टूरिज्म एसोसिएशन ललित के साथ मिलकर जीभी के नजदीक कुछ स्थानों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। जहां से करंट व ब्लीचिंग पाउडर सल्फास आदि नदी में डालकर  अवैध तरीके से मछली का शिकार किया जा रहा है, जिसकी शिकायत अतिरिक्त मुख्य सचिव मत्स्य हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा गुप्तचर विभाग हिमाचल प्रदेश के कार्यालय से प्राप्त हुई थी। सभी अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर  तूनसुम,  छेत, बिहाली, कोटला धार तथा घियागी नाला का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अवैध मत्स्य आखेट का कोई भी मामला नहीं मिला, परंतु स्थानीय लोगों का भी यही कहना है कि करंट  व जहरीले पदार्थों से मछली का शिकार बीच-बीच में होता रहता है। इसी मामले में कनिष्ठ अभियंता टेक सिंह प्रदेश बिजली बोर्ड का कहना है कि करंट द्वारा मछली का शिकार करने की शिकायत पर उन्होंने चैकिंग की  तथा शरारती तत्त्वों को पकड़ने का  पूरी कोशिश की जा रही है।  जिसके बारे में उन्होंने पहले ही पुलिस थाना बंजार में लिखित शिकायत दे रखी है कि लोग करंट द्वारा मछली का शिकार जब करते हैं तो बिजली की सप्लाई चालू रखने में बहुत दिक्कत होती है। उपप्रधान एंग्लिंग एसोसिएशन कुल्लू तथा प्रधान जीभी टूरिज्म एसोसिएशन टीम के साथ अवैध मत्स्य आखेट को रोकने के लिए सदा तत्पर रहते हैं। सभी अधिकारियों तथा  स्थानीय लोगों ने  यह निर्णय लिया है कि सभी संयुक्त रूप से अवैध मत्स्य आखेट को रोकने के लिए पूरी कोशिश करेंगे तथा शरारती तत्त्वों को पकड़ने के उपरांत पुलिस को सुपुर्द कर दिया जाएगा तथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों की यह भी मांग है कि जीभी व बठाहढ़ इलाके में मत्स्य विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों की नियुक्ति शीघ्र की जाए ताकि ट्राउट मछली का संरक्षण करके टूरिज्म तथा शौकिया मछली पकड़ने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हो सके। इलाके का भी निरीक्षण किया तथा मत्स्य अधिकारी हामनी दुनीचंद आर्या को शरारती तत्त्वों के खिलाफ  सख्त से सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App