महिलाओं और बच्चों पर 586 करोड़ खर्च

By: Jul 9th, 2020 12:30 am

मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से की वीडियो कान्फ्रेंस, दी शाबाशी

शिमला- राज्य सरकार महिलाओं और बच्चों के समग्र विकास और कल्याण पर 586.82 करोड़ व्यय कर रही है। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से राज्य के विभिन्न भागों की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत के दौरान कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी ने हमें अलग तरीके से सोचने और काम करने के लिए विवश किया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर कार्य करने वाली कार्यकर्ता हैं और इन्होंने परीक्षा की घड़ी में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने यह सुनिश्चित किया है कि कोरोना संक्रमण सामुदायिक स्तर तक न फैले। उन्होंने कहा को कोविड के खिलाफ चलाए अभियान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान में 4021 और कलस्टर कंटेनमेंट सर्वे में 4083 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई है। अब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को  6800 रुपए प्रतिमाह और मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 4900 तथा आंगनबाड़ी सहायिकाओं को 3500 रुपए प्रतिमाह प्राप्त हो रहे हैं। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

साझा किए विचार

कांगड़ा जिला से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सोनिया, मंडी जिला से सोनू, शिमला से लता वर्मा, किन्नौर से सुमन लता, लाहुल-स्पीति से शकुंतला देवी, कुल्लू से रजनी, सिरमौर से बबली, सोलन से सुरेखा, बिलासपुर से दीपा, हमीरपुर से कुसुम लता और ऊना से रीता कुमारी ने मुख्यमंत्री के साथ विचार साझा किए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App