25 जवानों पर कोरोना का अटैक किन्नौर से ही 17

By: Jul 3rd, 2020 12:01 am

रामपुर के ज्यूरी में छह, नाहन में भी दिल्ली से लौटा पॉज़िटिव

रिकांगपिओ, रामपुर, नाहन – कोरोना अब जवानों पर भी हमला बोलने लगा है। गुरुवार को प्रदेश के 25 जवानों में कोरोना की पुष्टि हुई है। किन्नौर में ही आईटीबीपी जंगी बटालियन से एक साथ कोरोना के 17 मामले सामने आने से दहशत का माहौल बन गया। ये सभी लोग जम्मू से आए बताए जा रहे हैं। अब किन्नौर में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 39 हो गई है, जिसमें एक्टिव केस की संख्या 27 है, जबकि स्वस्थ होने वालों की संख्या तीन है। चीफ  मेडिकल ऑफिसर किन्नौर डा. सोनम नेगी ने बताया कि ये सभी लोग क्वारंटाइन में थे। अब जंगी को  सील कर दिया गया है। वहीं, ज्यूरी में आईटीबीपी के छह जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 43वीं बटालियन के ये जवान देश के अलग-अलग राज्यों से छुट्टी काट कर ज्यूरी आए थे और संस्थागत क्वारंटाइन थे। वहीं, जिला सिरमौर में भी गुरुवार को भारतीय सेना का एक जवान कोरोना पॉजिटिव निकला है। नाहन के साथ लगते गांव कंडईवाला का यह जवान 23 जून को दिल्ली से दो साथियों के साथ टैक्सी से नारायणगढ़ तक पहुंचे थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App