37 प्लाट-फ्लैट ही बेच पाया हिमुडा, कोरोना महामारी का दिखा असर, मात्र 10 करोड़ 54 लाख की संपत्ति बिकी

By: Jul 12th, 2020 12:05 am

शिमला – लॉकडाउन का असर हिमुडा को भी झेलना पड़ा है। सूत्रों के अनुसार करोड़ों रुपए की संपत्ति में से हिमुडा केवल 10 करोड़ 54 लाख की संपत्ति ही बेच सका है। फ्लैट्स व प्लाट्स खरीदने में लोगों ने रुचि नहीं दिखाई, जिसके चलते हिमुडा को कुछ बड़ा हाथ नहीं लगा। नौ जुलाई का दिन हिमुडा ने ड्रॉ ऑफ लॉट्स के माध्यम से अपने फ्लैट व प्लाट्स को बेचने के लिए रखा था, मगर खरीददारों की कमी थी। ऐसे में केवल 37 प्लाट व फ्लैट्स ही बेचे जा सके हैं। उम्मीद की जा रही थी कि काफी ज्यादा संख्या में यह बिकेंगे, क्योंकि 400 प्लाट्स यहां पर बेचने को इस बार रखे गए थे। इसमें फ्लैट्स भी शामिल हैं, मगर 37 की ही बिक्री हो सकी है। जहां-जहां पर फ्लैट व प्लाट्स बेचे गए हैं, उनमें शुभखेड़ा में पांच, सोलन के धर्मपुर में 11, सोलन के शील में एक, सोलन जिला के मंधाला में सात, पालमपुर में एक, शिमला में छह और कुल्लू में चार संपत्तियां बेची गई हैं। इनसे 10 करोड़ 54 लाख रूपए की राशि मिली है। बड़ी बात यह है कि कोरोना काल में लोगों का रूझान संपत्तियां खरीदने में ज्यादा नहीं दिख रहा है। खुद हिमुडा के अधिकारी मानते हैं कि कोरोना की वजह से यह दिक्कत है। हिमुडा ने 400 फ्लैट व प्लॉट्स फस्ट कम फस्ट सर्व के आधार पर बेचने के लिए रखा है, मगर इसमें भी लोग ज्यादा रुचि नहीं दिखा रहे। बता दें कि पहले फरवरी महीने में नीलामी की जानी थी, मगर कोरोना की वजह से ऐसा नहीं हो सका और नौ जुलाई को दोबारा इसका आयोजन किया गया।  हिमुडा को इसमें ज्यादा फायदा नहीं हो सका है, क्योंकि अभी भी उसके पास अरबों रुपए की संपत्ति बेकार पड़ी है।

यह भी एक कारण

हिमुडा ने जहां संपत्तियां ले रखी हैं, वह कई स्थानों पर सड़कों से दूर हैं, लिहाजा वहां के लिए कोई रुचि नहीं दिखाता। राजनीतिक दबाव के चलते ऐसे-ऐसे स्थानों पर संपत्तियां ले रखी हैं, जो अब बिक नहीं रही हैं। इसपर हिमुडा के रेट भी लोगों को माफिक नहीं बैठ रहे हैं। हिमुडा अब डेढ़ महीने बाद दोबारा से इन संपत्तियों को बेचने के लिए प्रयास करेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App