अमरीका में दो विमान टकराए, कोइयर डी लेन झील में डूबने से आठ लोगों की मौत, दो लोगों के शव बरामद

By: Jul 6th, 2020 3:16 pm

सैन फ्रांसिस्को — अमरीका के इडाहो राज्य में कोइयर डी लेन झील के ऊपर पर दो विमानों की टक्कर के बाद उनके डूब जाने से आठ लोगों के मारे जाने की आशंका है। कूटेनाइ काउंटी शेरिफ कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक यह हादसा रविवार को स्थानीय समयानुसार 2.20 बजे हुआ। घटनास्थल से अब तक दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं और छह व्यस्क तथा बच्चे लापता हैं। लापता लोगों की मौत होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक दोनों विमानों में चालक दल के सदस्यों समेत कुल आठ लोग सवार थे। इसकी पुष्टि अभी भी की जा रही है। इस समय यह माना जा रहा है कि इनमें से कोई जीवित नहीं है। दोनों विमानों का सोनार टीम ने पानी में 127 फीट (38.7 मीटर) गहराई में पता लगाया। अमेरिकी संघीय उड्डयन प्रशासन (एफएए) के प्रवक्ता इयान ग्रेगोर ने बताया कि हादसे में शामिल एक विमान सेसना 206 था। उन्होंने कहा कि एफएए और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड हादसे की जांच कर रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App