बरसात में इम्युनिटी बढ़ाने के उपाय

By: Jul 18th, 2020 12:20 am

बरसात का मौसम एक ओर जहां तपती गर्मी से राहत दिलाता है वहीं साथ में लाता है फ्लू और संक्रमण। मानसून में सेहत दुरुस्त रहे इसलिए जरूरी है कि आपकी इम्युनिटी मजबूत हो। इसके लिए आप इम्युनिटी बूस्टर काढ़े का सेवन कर सकते हैं। इम्युनिटी बढ़ाने में आपकी मदद इम्युनिटी बूस्टर टी भी कर सकती है। इस मौसम में रोगों और संक्रमणों से बचने के लिए जरूरी है कि आप अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करें। अब सवाल उठता है कि इम्युनिटी बढ़ाने के लिए क्या करें। तो इसके लिए आपको सही और पोषण से भरपूर आहार लेना है और शरीर को योग और एक्सरसाइज से स्वस्थ बनाना है। अब जबकि सब बंद है और बरसात भी है, तो ऐसा कैसे किया जाए। तो जानिए कैसे घर पर रहकर आप कर सकते हैं एक्सरसाइज।

घर को ही बना लें जिम

वैसे भी पिछले कई महीनो से आप घर में बंद हैं। ऐसे में आप यह बहाना तो नहीं बना सकते कि बरसात के चलते आप जिम नहीं जा सकते। घर में भी एक तय समय पर ही व्यायाम करें और वैसे ही कपड़े पहनें, जैसे सैर या जिम जाते वक्त पहनते हैं। आसान से वार्म अप से शुरुआत करें। कुछ मिनट फर्श पर दौड़ने जैसे व्यायाम से शुरुआत करें।

कैसे हों व्यायाम

घर पर ही व्यायाम करना है, तो क्यों न इसके लिए सही तरीकों का इस्तेमाल किया जाए। आप कूदने की रस्सी और कसाव लाने वाले बैंड जैसे कुछ आसान से व्यायाम उपकरण खरीद लें। ये बढि़या विकल्प हैं, क्योंकि आप इनका इस्तेमाल अगले मानसून में घर में दोबारा कर सकते हैं।

सीढि़यों का उठाएं फायदा

अगर आपके घर में सीढि़यां हैं, तो यह मौका है उनका फायदा उठाने का। लिफ्ट को अलविदा कह दें और सीढि़यों का इस्तेमाल करें। यह अपने आप में व्यायाम का एक बेहतरीन उपकरण हैं। आप कुछ मिनट के लिए सीढि़यां चढ़ने-उतरने का व्यायाम भी कर सकते हैं।

डांस करें

अगर आप योग नहीं कर पा रहे हैं, तो रोजाना कुछ समय के लिए डांस करें। यह मानसून में घर में की जाने वाली कसरत को मजेदार बनाने का एक तरीका है। इससे स्ट्रेस दूर होगी और आपको ऊर्जा से भरपूर बनाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App