बीड़ बिलिंग में आज से पैराग्लाइडिंग पर रोक

By: Jul 16th, 2020 12:20 am

बरसात के कारण प्रशासन ने लगाया प्रतिबंध, 15 सितंबर तक नहीं होगी कोई भी उड़ान

बैजनाथ-पैराग्लाइडिंग की विश्व विख्यात घाटी बिलिंग गुरुवार से 15 सितंबर तक  किसी भी तरह की उड़ानों के लिए प्रतिबंधित रहेगी। पौने चार माह के लंबे  अंतराल के लॉकडाउन के उपरांत सरकार के आदेशों के बाद प्रदेश के पर्यटन विभाग द्वारा सात जुलाई से पैराग्लाइडिंग गतिविधियों पर  से रोक हटा दी थी, जिसके बाद बिलिंग घाटी से पैराग्लाइडिंग के शौकीन पायलटों द्वारा बिलिंग के नीले आकाश से उड़ानों का लुत्फ  जरूर उठाया। इसी बीच बाहरी प्रदेशों से पर्यटक तो नहीं आए, मगर स्थानीय पायलटों ने बिलिंग से उड़ानों का जम कर लुत्फ  उठाया। मगर अब जबकि बरसात का मौसम आरंभ हो चुका है, ऐसे में प्रशासन हर वर्ष 15 जुलाई से 15 सितंबर तक बिलिंग घाटी में किसी भी तरह की उड़ानों पर रोक लगा देता है। इस बार भी 16 जुलाई से 15 सितंबर तक बिलिंग घाटी अगले दो माह तक पुनः विरान रहेगी। प्रशासन ने पुनः रोक लगा दी है, जिसके चलते बिलिंग घाटी के साथ-साथ बीड़, क्योर, चौगान व गुनेहड़  में  एक  बार  पुनः अगले दो महीनों तक पर्यटक देखने को नही मिलेंगे। वैसे भी इन चार पंचायतों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से गुहार लगाई थी की बीड़ घाटी में आने वाले पर्यटकों पर रोक लगाई जाए, क्योंकि कोरोना का कहर अभी थमा नहीं है।  सात जुलाई से करीब  पौने चार महीने के लंबे अंतराल के बाद बिलिंग के नीले आकाश में मानव परिंदे उड़ने शुरू हुए थ, जिसके चलते पैराग्लाइडिंग धंधे से जुड़े सैकड़ों लोगों के चेहरों पर रौनक लौट आई थी। मगर बरसात  के दौरान प्रशासन  द्वारा बिलिंग में पैराग्लाइडिंग पर  प्रतिबंध लगाया जाता है। अब इस घाटी के लोगों को 15 सितंबर के इंतजार करना पड़ेगा। तब तक कोरोना के कहर से भी निजात मिल जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App