भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 39 वर्ष के हुए, पत्नी साक्षी धोनी और साथी खिलाड़ियों ने दीं शुभकामनाएं

By: Jul 8th, 2020 12:06 am

रांची – भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी मंगलवार को 39 वर्ष के हो गये और इस मौके पर उनकी पत्नी साक्षी धोनी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा उनके साथी खिलाड़ियों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। धोनी की पत्नी साक्षी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डालते हुए लिखा, “आप एक साल और बड़े हो गए। आपके बाल थोड़े से और सफेद हो गये हैं और आप स्मार्ट और स्वीट हो गए। आप वह इंसान नहीं हो जो प्यारे संदेशों और तोहफों से प्रभावित हो जाए। तो चलो केक काट कर, मोमबत्ती जला कर तुम्हारी जिदगी के एक और साल का जश्न मनाते हैं।” भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने भी धोनी को बधाई दी। विराट ने लिखा, “जन्मदिन की बधाई माही भाई, आप हमेशा खुश रहें।” झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धोनी को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा, “महेन्द्र सिंह धोनी भारतीय क्रिकेट टीम को बुलंदियों तक ले गए। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दीर्घायु, स्वस्थ, प्रसन्न हों और देशवासियों को सदैव गौरवान्वित करते रहें।” भारतीय टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या ने लिखा, “मेरे बिट्टू को आपके चिट्टू की ओर से हैप्पी बर्थडे। मेरे ऐसे दोस्त जिन्होंने मुझे बेहतर इंसान होना सिखाया और मेरे खराब समय में हमेशा मेरे साथ खड़े रहे।” टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने लिखा, “खेल के इस दिग्गज को जन्मदिन की बधाइयां। हैप्पी बर्थडे माही भाई।” भारतीय ओपनर रोहित शर्मा ने भी बधाई देते हुए कहा, “मिस्टर कूल के साथ कूलिंग। जन्मदिन की शुभकामनाएं धोनी।” भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश एवं राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री और ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) सुप्रीमो सुदेश महतो ने भी धोनी को जन्मदिन की बधाई दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App