बिजली गिरने से पहले चेतावनी देगी ‘दामिनी’, 40 मिनट पहले ही मिल जाएगा अलर्ट

By: Jul 15th, 2020 12:06 am

केंद्र सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने तैयार की ऐप,  40 मिनट पहले ही मिल जाएगा अलर्ट

बिजली गिरने से भारत में होती हैं सबसे ज्यादा मौतें

बरठीं – अब बिजली गिरने से पहले ही लोगों तक इसकी खबर पहुंच जाएगी। जी हां! केंद्र सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने एक खास तरह का ऐप बनाया है, जिसका नाम है ‘दामिनी’, जो बिजली गिरने से पहले ही हमें चेतावनी देगी। साथ ही इससे बचाव की भी जानकारी इस ऐप से मिलेगी। हर साल बिजली गिरने से कई लोगों की जान जाती है। दुनिया के दूसरे हिस्सों में भी बिजली गिरती है, लेकिन इससे सबसे ज्यादा मौत भारत में ही होती हैं। इस ऐप की मानें तो हर साल 2000 से भी ज्यादा लोगों की मौत बिजली गिरने से होती है। इस ऐप की मदद से बिजली गिरने के 30 से 40 मिनट के पहले ही इसकी चेतावनी दे दी जाएगी। यह ऐप सचेत करती है कि बिजली गिरने वाली है और आप इस क्षेत्र से हट जाएं या अंदर चले जाएं। यह ऐप 40 किलोमीटर की परिधि में काम करती है और यदि बिजली गिरने वाली हो, तो यह ऐप आपको 30 से 40 मिनट पहले ही आगाह कर देगी। यह ऐप अंग्रेजी और हिंदी भाषा दोनों में जानकारी देगी। चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्र की प्रभारी डा. सुमन कुमार ने बताया कि पहले भी एक बहुत महत्त्वपूर्ण ऐप मेघदूत डाउनलोड करने की सलाह दी गई है। अब ऐप दामिनी को भी लोग डाउनलोड कर सकते हैं। इन दोनों ऐप्स का मुख्य उद्देश्य किसानों को समय-समय पर मौसम की सही जानकारी देना है, जिससे कि किसान खुद को हानि से बचा सकें। यह ऐप आप गूगल प्ले स्टोर से मुफ्त में डाउनलोड कर सकते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App