गौशाल में बनेगा तीन मंजिला पंचायत घर

लाहुल दौरे के दौरान बोले कृषि मंत्री राम लाल मार्कंडेय, लोगों की सुनीं समस्याएं

केलांग – कृषि, जनजातीय विकास मंत्री डा. राम लाल मार्कंडेय ने  लाहुल दौरे के दौरान पट्टन घाटी के गौशाल, लिंगर,शांशा, राशेल, रावे, जोबरंग, जाहलमा, जसरथ, नालडा, चौखंग, नैनगाहर का दौरा किया। इस दौरे के दौरान उन्होंने  गांवों  में जनसमस्याओं को सुनते हुए अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि गौशाल में 17 लाख रुपए की लागत से नया तीन मंजिला भवन बनाया जाएगा, जिसकी एक मंजिल में पंचायत घर, महिला मंडल तथा अतिथि गृह भी बनेगा, ताकि पर्यटकों के लिए भी रहने की सुविधा प्रदान की जा सके। इसके लिए पुराने भवन को गिराने के लिए कमेटी गठन किया गया है तथा नए भवन का नक्शा बनाने के आदेश दिए गए हैं। लिंगर सड़क को सोलिंग करने का कार्य इस वर्ष की कार्य योजना में है तथा लिंगर कूहल की मरम्मत कर इसे खेत तक कृषि सिंचाई से जोड़ा जाएगा। पेयजल लाइन को डेढ़ ईंच की पाइप जोड़कर इसे सुचारू रूप से चलाया जाएगा। लिंगर महिला मंडल भवन की मुरम्मत अनुमानित एक लाख रुपए खर्च कर की जाएंगी। जसरथ पुल का निर्माण कार्य नाबार्ड का स्वीकृति पत्र मिलते ही शुरू हो जाएगा। चोखंग में लोगों की समस्याओं पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि झोलिंग में जिओ का टावर लगने से चोखंग गांव संचार सुविधा से जुड़ जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अटल टनल का उद्घाटन करेंगे, जिसके बाद लाहुल में पर्यटकों का आगमन बढ़ेगा। नीलकंठ महादेव सहित लाहुल के अन्य कई नए स्थानों को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना हमारी प्राथमिकता है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके।

सदर युवा मोर्चा मंडी ने रोपे 300 पौधे

मंडी। सदर युवा मोर्चा मंडी ने ग्राम पंचायत धनियारा के समराहन ग्राम केंद्र में 300 से अधिक पौधे लगाए। प्रदेश युवा मोर्चा सचिव भुवनेश ठाकुर ने बताया कि पूरे प्रदेश में भारतीय जनता युवा मोर्चा अमित ठाकुर के नेतृत्व में एक लाख पौधे रोपेगा। पूरे विधानसभा में एक हजार पौधे रोपे जाएंगे। इस अवसर पर सदर मंडल अध्यक्ष योगेश ठाकुर, ग्राम पंचायत धनियारा के उपप्रधान दुर्गा सिंह ठाकुर, युवा मोर्चा के जि़ला उपाध्यक्ष धर्मपाल, जि़ला सचिव यादव सिंह, समराहन ग्राम केंद्र के प्रभारी रविंद्र ठाकुर, कोट ग्राम केंद्र के प्रभारी सुनील ठाकुर, युवा मोर्चा के सदस्य भूप सिंह व अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।