हरोली में महंगाई पर गरजी महिला कांग्रेस

बस स्टैंड से लेकर एसडीएम आफिस तक निकाली रोष रैली, प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर निकाला गुबार

ऊना – प्रदेश में बढ़ रही महंगाई को लेकर हरोली महिला कांग्रेस ने जयराम ठाकुर के खिलाफ खूब हल्ला बोला। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष राणा रंजीत सिंह की अगवाई में हरोली बस स्टैंड से लेकर एसडीएम कार्यालय तक रोष रैली निकाली। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जयराम सरकार के खिलाफ खूब नारेबाजी कर अपना गुबार निकाला। वहीं कार्यकर्ताओं ने एसडीएम हरोली के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भी प्रेषित किया। महिला कांग्रेस हरोली की अध्यक्ष सुमन ठाकुर ने कहा कि देश व प्रदेश में महंगाई दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। केंद्र व प्रदेश सरकारें महंगाई पर लगाम नहीं लगा पा रही हैं। आज पेट्रोल व डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। देश में पहली बार हो रहा है कि डीजल के दाम पेट्रोल के दामों को भी पार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां कोरोना महामारी के चलते लोग पहले से ही काम धंधे ठप हो जाने से परेशान हैं, ऊपर केंद्र व प्रदेश सरकार ने लोगों को महंगाई के बोझ तले दबाने का काम किया है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा आज देश की भोली-भाली जनता को भुगतान पड़ रहा है। सुमन ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कोरोना काल को देखते हुए समाजसेवी लोगों व अन्य लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई सरकार को दी। वहीं बच्चों ने भी अपनी गुल्लके तोड़ जमा पैसे कोरोना महामारी से निपटने के लिए सरकार को दान स्वरूप दिए, लेकिन सरकार ने सिफ अपनी जेबें भरने का ही काम किया है। उन्होंने कहा कि पीपीई घोटाला दर्शाता है कि किस तरह प्रदेश सरकार ने लोगों को लूटने का काम किया है। इसके अलावा जिला ऊना में नशा व खनन माफिया खूब धड़ल्ले से फल-फूल रहा है। जिस पर सरकार का ध्यान ही नहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा सीएम के पास है तो सीएम को इस्तीफा देना चाहिए, न कि पार्टी अध्यक्ष को। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष से इस्तीफा दिलवाकर मामले से लोगों का ध्यान हटाने का काम किया गया है।

महिलाओं ने काफिला रोका तो गलत क्या किया

हरोली महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन ठाकुर व प्रदेश कांग्रेस सचिव सुभद्रा देवी ने कहा कि लाहुल-स्पीति में महिलाओं सहित 200 लोगों पर केस बनाना सरकार की तानाशाही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं। महिलाएं अब चूल्हे चौके तक ही सीमित नहीं है। अगर महिलाओं ने मंत्री का काफिला रोक सवाल पूछे है तो इसमें क्या गलत किया है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द लोगों पर बने मामले हटाए न गए तो महिला कांग्रेस पूरे प्रदेश में ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन करेगी।