जरूरी है सुबह का नाश्ता

By: Jul 18th, 2020 12:20 am

दिन का पहला आहार यानी आपका ब्रेकफास्ट, जिसे हम सुबह का नाश्ता भी कहते हैं, वह काफी महत्त्वपूर्ण होता है। सुबह का नाश्ता हमारे संपूर्ण स्वास्थ्य को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। ब्रेकफास्ट हमारे मैटाबॉलिज्म को दुरुस्त करता है साथ ही यह शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है, जिसके कारण हमारा शरीर पूरे दिन चार्ज रहते हुए बिना थके काम करता है। एक आदर्श नाश्ते की अगर हम बात करें, तो हमारा ब्रेकफास्ट ऐसा होना चाहिए जिसमें प्रोटीन, कार्ब्स और वसा का मिश्रण हो। साथ ही नाश्ते में विटामिन, मिनरल्ज और फाइबर भरपूर मात्रा में हो। यह सभी पोषक तत्त्व शरीर के लिए ईंधन का काम करते हैं। लेकिन यहां सवाल यह है कि सुबह उठने के कितनी देर बाद नाश्ता करना चाहिए यानी ब्रेकफास्ट का सही समय क्या होना चाहिए, इसके बारे में हम आपको विस्तार से बताएंगे। आपके ब्रेकफास्ट का सबसे सही समय जागने के दो घंटे के भीतर होना चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार, जागने के बाद नाश्ता करना आपके मैटाबॉलिज्म के लिए अच्छा है। यदि आप जिम जाने वाले हैं या फिर सुबह व्यायाम करना पसंद करते हैं, तो एक्सरसाइज करने से कम से कम आधे घंटे पहले केला, सेब या ड्राई फ्रूट्स जैसे कुछ हल्के आहार लेने चाहिए। ताकि आपकी एनर्जी बनी रहे। हालांकि, अगर आपको लगता है कि इससे एक्सरसाइज प्रभावित हो रही है और आप खाली पेट भी बेहतर प्रदर्शन करने में सक्षम हैं, तो आप एक्सरसाइज के बाद भी नाश्ता कर सकते हैं।

वैज्ञानिकों की राय क्या है

यदि आप सही समय पर अपना भोजन नहीं कर रहे हैं, तो आपके लिए अपने वजन घटाने के लक्ष्य तक पहुंचना मुश्किल होगा। यहां तक कि अगर आप इंटरमिटेंट फास्टिंग को फॉलो कर रहे हैं, तो आपके रात के खाने और नाश्ते के बीच का अंतर 12-14 घंटे से अधिक नहीं होना चाहिए। इससे ज्यादा समय आपके वजन घटाने के प्रयास को असफल बना सकता है। हालांकि इंटरमिटेंट फास्टिंग को फॉलो करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लेनी चाहिए। अध्ययन ने इस तथ्य का समर्थन किया कि आपके रात के भोजन और नाश्ते के बीच 12 घंटे का उपवास भोजन के पूर्ण पाचन के लिए बेहतर है। इस दौरान अच्छी नींद को आती है और कार्डिनल रिदम को बनाए रखने में मदद मिलती है। सही समय पर नाश्ता करने से आपके शरीर के सामान्य वजन को बनाए रखने में मदद मिलती है। इससे आपका ब्लड शुगर लेवल नियंत्रित रहता है। वसा और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद मिलती है और आप पूरे दिन अपने कामों को बेहतर ढंग से कर पाते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App