कांगड़ा के नैहरनपुखर में फंदे से झूला सैनिक, सुसाइड नोट में रिश्तेदार को बताया मौत का जिम्मेदार

By: Jul 24th, 2020 12:07 am

गरली, देहरा – नैहरनपुखर के गांव कस्बा रोड में गुरुवार देर सायं करीब पांच बजे 31 वर्षीय सैनिक ने पेड़ से फंदा लगा लिया। मृतक की पहचान इशान राणा पुत्र लाल सिंह निवासी बडूहू कांगड़ा के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी भी हिमाचल पुलिस में बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि युवक ने फंदा लगाने से पहले सुसाइड नोट लिखा है, जिसमें उसने अपने एक रिश्तेदार को अपनी मौत का कारण बताया है। उधर, मामले की  सूचना मिलते ही डीएसपी देहरा रणधीर सिंह राणा के नेतृत्त्व में मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को पेड़ से नीचे उतारा।

मृतक सैनिक की जेब से दो हजार रुपए व एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार मृतक सैनिक इशान राणा गुरुवार सुबह घर से किसी जरूरी काम को कहकर निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा तो पीडि़त परिवार ने इसकी सूचना पुलिस व पंचायत प्रधान बीना देवी को दी। बताया जा रहा है कि इशान आसाम राइफल में मणिपुर में तैनात था। 23 फरवरी को वह छुट्टी आया था, लेकिन बाद में लॉकडाउन लागू होने के बाद वह वापस नहीं गया।

उसकी शादी पांच वर्ष पहले ही हुई थी व उसके दो बच्चे हैं। वही मृतक सैनिक की मां राजकुमारी ने बताया कि उनके बेटे को एक रिश्तेदार ने मरने पर मजबूर किया है। उधर, डीएसपी देहरा रणधीर सिंह राणा ने कहा कि पुलिस हर पहलू की छानबीन कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App