कांग्रेस में एक और पत्र धमाका, कौल सिंह को अध्यक्ष बनाने की मांग;  सात नेताओं ने प्रियंका गांधी को लिखा पत्र

By: Jul 2nd, 2020 12:06 am

मंडी –कांग्रेस के अंदर एक पत्र बम के सामने आने के बाद छिडे़ विवाद के बीच अब एक और पत्र सामने आया है। इस पत्र में भी कौल सिंह को अध्यक्ष बनाने की वकालत की गई है और पत्र को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को लिखा गया है। खास बात यह है कि यह पत्र इसी वर्ष जनवरी की शुरूआत का है और इसमें कौल सिंह के समर्थकों के अलावा पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, पूर्व मंत्री मंशा राम के भी नाम लिखे गए हैं। पत्र में वर्तमान में प्रदेश में कांग्रेस के हालातों और मंडी से ही मुख्यमंत्री होने की वजह का हवाला देते हुए मंडी से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की बात की गई है। बताया जा रहा है कि नववर्ष की शुरूआत में लंच पर कांग्रेस के पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, पूर्व मंत्री मनसा राम, पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर, विस चुनाव-2017 में कांग्रेस के प्रत्याशी पवन ठाकुर, लाल सिंह कौशल, चंपा ठाकुर, जीवन ठाकुर और मंडी जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष दीपक शर्मा की एक बैठक मंडी में हुई थी। बैठक में पूर्व मंत्री कौल सिंह भी शामिल रहे थे। बैठक का यह पत्र अब सामने आया है। बता दें कि कुछ दिन पहले ही एक ऐसा ही लंच पूर्व मंत्री कौल सिंह के घर पर भी आयोजित किया गया, जिसमें मंडी जिला से कौल समर्थकों के अलावा पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू और पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा भी शामिल हुए, इसके बाद एक पत्र बम सामने आया था, जिसमें कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा कौल सिंह ठाकुर को अध्यक्ष बनाने को लेकर एक पत्र भेज कर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मांग की थी। इस पत्र के सामने आने के बाद पूर्व मंत्री कौल सिंह ने भी खुले रूप से प्रदेश कांग्रेस संगठन पर सवाल उठाए थे। इसके बाद वीरभद्र सिंह व राठौर समर्थकों ने कांग्रेस के कुछ नेताओं के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर कार्रवाई की मांग की थी और उसके बाद मंडी जिला से कौल समर्थक त्यागपत्र भी दे चुके हैं। अब एक नए पत्र के सामने आने से माहौल और गरमा गया है। इस पत्र पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी का भी नाम शामिल हैं और वर्तमान में प्रकाश चौधरी मंडी जिला कांग्रेस अध्यक्ष हैं और वह इस समय प्रदेश कांगे्रस संगठन के साथ खडे़ हुए हैं। ऐसा में किसने अब दूसरे पत्र को लीक किया और किस मंशा से किया गया है, इसे लेकर कई सवाल खडे़ हो रहे हैं। कौल समर्थकों का कहना है कि अपने दिल की बात हाइकमान को लिखकर भेजना अपराध नहीं है, बल्कि पत्र को लीक करवा कर विरोध उत्पन्न करवाना गलत है।

सात के इस्तीफे मंजूर, 14 को नोटिस

सोमवार को अपने पदों से इस्तीफा देने वाले कौल सिंह ठाकुर के सात समर्थकों के त्यागपत्र कांग्रेस अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिए हैं। इसके साथ ही पत्र लिखने वाले व प्रेस कान्फे्रंस करने वाले 14 लोगों को कांग्रेस अध्यक्ष ने नोटिस जारी किए हैं। इन्हें कांग्रेस की अनुशासन समिति को अपना जवाब देना होगा। जिनके इस्तीफे स्वीकार हुए हैं, उनमें दीपक शर्मा, जीवन ठाकुर, चंपा ठाकुर, जगदीश रेड्डी, सुमन चौधरी, लाल सिंह कौशल और अन्य लोग शामिल हैं। वहीं बताया जा रहा है कि पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर सहित 14 लोगों को नोटिस भी जारी किए हैं। जिला अध्यक्ष प्रकाश चौधरी ने इसकी पुष्टि की है।

किसने एडिट किया, पता नहीं

मंडी जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश चौधरी ने कहा नववर्ष पर आयोजित लंच में वह जरूर गए थे, लेकिन यह पत्र मंडी हैडक्वार्टर से कांग्रेस जिला अध्यक्ष बनाने को लेकर लिखा गया था, न कि प्रदेशाध्यक्ष बनाने को लेकर कोई सहमति बनी थी। किसने इस पत्र को बाद में एडिट किया, इसकी जानकारी नहीं है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App