कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन पर बोले मुख्यमंत्री, हिमाचलियों को बाहर मरने छोड़ देते?

By: Jul 14th, 2020 12:06 am

बाहरी राज्यों से अपनों को बुलाने के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन पर फूटा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गुस्सा

शिमला – बाहरी राज्यों से यहां लोगों को लाने की अनुमति के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन पर गुस्साए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि क्या हिमाचल के लोगों को मरने के लिए बाहर छोड़ देता। उन्होंने कहा कि दो लाख से ज्यादा हिमाचलियों को सरकार अपनी नैतिक जिम्मेदारी के तहत वापस लाई है, जिसका कांग्रेस विरोध कर रही है। इससे साफ है कि कांग्रेस हिमाचल के लोगों का हित नहीं चाहती और सरकार को भी ऐसा करने से रोकना चाहती है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस हिमाचल के लोगों का हिमाचल में आने का विरोध कर रही है, जो काफी दुर्भाग्यपूर्ण बात है। कांग्रेस को इसकी सजा भुगतनी पड़ेगी, क्योंकि यह मामला कांग्रेस के खिलाफ मुद्दा बनने वाला है। सीएम ने कहा कि कोरोना के दौर में हिमाचल के लाखों लोग बाहरी राज्यों में फंसे थे और घर आना चाहते थे। उन्हें हिमाचल आने की मंजूरी दी गई। नियम और कानून के तहत ही दो लाख से ज्यादा लोगों को लाया गया। क्या सरकार का दायित्व नहीं बनता था कि संकट में फंसे हिमाचल के लोगों की रक्षा की जाए। सरकार ने अपना नैतिक दायित्व निभाया।

संकट में भी करवा ही रहे विकास

एक सवाल पर सीएम ने कहा कि संकट के इस दौर में सरकार विकास भी करवा रही है और संकट से बचने के उपाय भी कर रही है। कांग्रेस सिर्फ राजनीति कर रही है। हम इंतजार कर रहे हैं कि हिमाचल में यह दौर समाप्त हो और फिर हम मैदान में मिलेंगे, चुनावी रण में दो-दो हाथ करेंगे।

लंच डिप्लोमेसी पर चुटकी

पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के निवास पर लंच में कांग्रेसियों के इकट्ठे होने को लेकर उन्होंने चुटकी लेते कहा कि नियम व कानून सब लोगों के लिए होते हैं। लंच में बहुत सारे लोग आए और कुछ नहीं भी आए। इस बारे ज्यादा कहने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन एक बात समझनी चाहिए कि देश और प्रदेश में अब ऐसी परिस्थितियां नहीं रही हैं। इस बात को कांग्रेसी नेताओं को स्वीकार करना चाहिए। कांग्रेस में अब ऐसा नहीं है कि कोई आने के लिए मजबूर होगा या कोई जाने के लिए मजबूर होगा। सरकार पर टिप्पणी करने से अच्छा है, अपने आप को संभालें।

प्रोटोकॉल फॉलो करते आ रहे हैं सभी पर्यटक

हिमाचल की सीमाएं पर्यटकों के लिए खोलने के मामले में कांग्रेस की बयानबाजी पर सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि अच्छा होता कि कांग्रेसी नेता राजस्थान की तरफ देखते। राजस्थान में हिमाचल की तुलना में अधिक कोरोना मामले हैं, फिर भी वहां हिमाचल से पहले पर्यटकों को आने की अनुमति दी गई। हिमाचल में जितनी शर्तें पर्यटकों के लिए लगाई गई हैं, वे देश के किसी भी राज्य में नहीं हैं। कोरोना लॉकडाउन व कर्फ्यू के बाद अनलॉक में कई सेक्टर खोल दिए गए थे, टूरिज्म भी एक सेक्टर है। इसमें बहुत सारे लोग बेरोजगार हो गए हैं। कई के होटल व व्यवसाय बंद हो चुके हैं। इसके लिए कई लोगों का आग्रह पहुंचा था। हां! कुछ इसमें सहमत हैं और कुछ सहमत नहीं हैं, लेकिन इसके लिए किसी पर दबाव नहीं है। सीएम ने कहा कि हिमाचल में जो भी टूरिस्ट आ रहे हैं, वे प्रोटोकॉल फॉलो करते हुए आ रहे हैं। गाइडलाइन में किसी भी तरह की छूट नहीं दी जा रही। उन्होंने कहा कि अब तक टूरिज्म सेक्टर में एक भी पॉजिटिव केस नहीं आया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App