मौसम विभाग का पूर्वानुमान; हफ्ता भर अंबर से बरसेगी राहत, आज भी कई इलाकों में जमकर बरसेंगे बादल

By: Jul 12th, 2020 12:06 am

मौसम विभाग का पूर्वानुमान; हिमाचल में 17 तक भारी बारिश के आसार, आज भी कई इलाकों में गर्जन के साथ जमकर बरसेंगे बादल

शिमला – हिमाचल प्रदेश में 17 जुलाई तक मौसम खराब बना रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो इस दौरान शिमला, मंडी, कुल्लू, सोलन, सिरमौर, चंबा और डलहौजी में अनेक स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी। इतना ही नहीं, विभाग ने इन क्षेत्रों में रविवार को भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। मैदानी व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में पूरे सप्ताह के दौरान मौसम खराब बना रहेगा, लेकिन इन क्षेत्रों में कुछ ही स्थानों पर बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में शनिवार को दोपहर तक मौसम साफ बना रहा, मगर दोपहर बाद आसमान में काले बादल घिरने शुरू हो गए थे। इस दौरान प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में ठंडी हवा भी चली, जिससे तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट रिकॉर्ड की गई है। बिलासपुर, हमीरपुर और नाहन को छोड़कर शेष हिमाचल के तापमान में गिरावट आई है। सुंदरनगर व चंबा में सबसे ज्यादा दो डिग्री तक पारा लुढ़का  है। भुंतर, कल्पा, सोलन, कांगड़ा और केलांग में एक डिग्री तक पारा लुढ़का है। हालांकि अभी भी मैदानी इलाकों में लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली है। बीते 24 घटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश हुई है। नयनादेवी में 68, गुलेर में 38, नगरोटा में 37, कांगड़ा में 31, हमीरपुर में 22 और देहरा गोपीपुर में 20 मिलीमीटर बारिश हुई है। बारिश होने से न्यूनतम तापमान में भी एक से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।

कहां, कितना तापमान

शहर   अधिकतम   न्यूनतम

शिमला    23.7       17.2

भुंतर       32.7       19.9

कल्पा     26.0       13.0

धर्मशाला  29.4       20.0

ऊना       36.4       22.3

नाहन      31.0       24.2

कांगड़ा    32.2       20.3

बिलासपुर 34.5       23.0

हमीरपुर   34.2       22.4

चंबा       31.7       19.3

डलहौजी  21.5       16.9

केलांग     23.9       10.8


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App