पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने पर प्रदर्शन

By: Jul 5th, 2020 12:20 am

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भटियात ने केंद्र-प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर लगाए नारे

चुवाड़ी – ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भटियात ने शनिवार को पेट्रोल व डीजल के दामों में बढ़ोतरी के खिलाफ  उपमंडल मुख्यालय में केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ  हल्ला बोला। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ  जमकर नारेबाजी भी की। तदोपरांत एसडीएम भटियात बच्चन सिंह के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भी प्रेषित किया। इस विरोध प्रदर्शन की अगवाई प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य वक्ता एवं पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानिया ने की। कुलदीप सिंह पठानिया ने अपने संबोधन में कहा कि कोविड-19 के कहर के चलते उद्योग बंद होने से पहले ही बेरोजगारी की संख्या में करोड़ों की वृद्धि दर्ज हो चुकी है। लोगों को खाने के लाले पड़े हुए हैं। ऐसे में पेट्रोल व डीजल के दामों में बढ़ोतरी सीधे तौर पर लॉकडाउन प्रभावितों के जख्मों पर नमक छिड़कने के तुल्य है। उन्होंने कहा कि ऐसा देश के इतिहास में पहली बार हुआ है कि डीजल की कीमतें पेट्रोल से भी अधिक हो गई हैं। पिछले कुछ दिनों में डीजल की कीमत कुल 10.48 रुपए प्रति लीटर, जबकि पेट्रोल 8.50 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ है। उन्होंने कहा कि विपरीत इसके विश्व भर में कच्चे तेल की कीमतों में भारी कमी आई है।  उन्होंने कहा कि देश इस समय गंभीर चुनौती से गुजर रहा है। देश की आर्थिक स्थिति व अर्थव्यवस्था ठप होने से विकास की दर थम सी गई है। मगर भाजपा सरकार राजनीति करने से बाज नहीं आ रही है। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रधान राम सिंह चंबियाल, मनोज महाजन, कृष्ण कुमार चेला, विजय कंवर, रामकुमार शर्मा, शेर सिंह, संजय कपूर, अरुण मेहता, नरेश मेहरा, सूरज गुरंग, मल्होत्रा नरेंद्र, यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष शिव जसरोटिया, सेवा दल के अध्यक्ष विनोद कुमार बिन्नी सहित सभी संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App