प्रदेश में रफ्तार पकड़ते ही डराने लगा मानसून

By: Jul 6th, 2020 12:01 am

शिमला – हिमाचल प्रदेश में मानूसन ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। राज्य में बीते 24 घ्ांटों के दौरान राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में तूफान के साथ झमाझम बारिश हुई है। बताया जा रहा है कि तूफान के कारण प्रदेश के कई इलाकों नुकसान भी हुआ है। कई जगह बिजली के खंभे व तारें टूटने के अलावा मकानों को भी नुकसान हुआ हैं। वहीं, बारिश होने से अधिकतम तापमान में एक से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में 11 जुलाई तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान अनेक स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी। राज्य के मैदानी इलाकों सहित शिमला, कुल्लू, सोलन, मंडी, सिरमौर और डलहौजी में आठ व नौ जुलाई को बहुत भारी बारिश होगी। विभाग ने  इन दो दिनों के दौरान बहुत भारी बारिश होने का यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में रविवार को मौसम साफ बना रहा। दोपहर तक अधिकतर क्षेत्रों में धूप खिली रही, मगर शाम के समय आसमान में फिर से बादल घिरने शुरू हो गए थे। बीते 24 घ्ांटों के दौरान मूसलाधार बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है। कल्पा के तापमान में सबसे ज्यादा छह डिग्री की गिरावट आई है। इसके अलावा ऊना व केलांग में पांच, भुंतर, नाहन, सोलन व डलहौजी के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आई है। तापमान में एकाएक भारी गिरावट आने से जनता को दिन के समय पड़ रही प्रचंड गर्मी से काफी हद तक की राहत मिली है। अधिकतम तापमान के साथ साथ न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान में एक से पाचं  डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया प्रदेश में 11 जुलाई तक मौसम खराब बना रहेगा। आठ व नौ जुलाई को बहुत भारी बारिश होगी।

कहां, कितनी बारिश

धर्मपुर में सबसे ज्यादा 54 मिली मीटर बारिश हुई है। पालमपुर में 50, धर्मशाला में 48, नगरोटा में 42, बैजनाथ में 37, शिमला, ऊना में 32, नादौन में 31, मनाली में 27, मडी में 24 और सुंदरनगर में 22 मिलीमीटर बारिश हुई है।

कहां, कितना तापमान

शहर    अधिकतम  न्यूनतम

शिमला    25.0       13.6

सुंदरनगर  32.6       20.0

भुंतर       32.6       17.8

कल्पा     20.2       10.3

धर्मशाला  30.8       18.6

ऊना       34.4       21.0

नाहन      28.8       20.1

कांगड़ा    32.0       19.6

बिलासपुर 35.5       22.0

हमीरपुर   34.4       22.4

चंबा       31.5       19.3

डलहौजी 19.1       16.7

केलांग     20.1       7.5


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App