प्रियंका गांधी को दिल्ली का बंगला खाली करने के आदेश,  केंद्र सरकार ने दी एक महीने की मोहलत

By: Jul 2nd, 2020 12:12 am

 एसपीजी सुरक्षा न होने को बताया गया वजह

नई दिल्ली –केंद्र सरकार ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वढेरा से दिल्ली के लोधी एस्टेट वाला सरकारी बंगला खाली करने को कहा है। उन्हें इसके लिए पहली अगस्त, 2020 तक की मोहलत दी गई है। डिप्टी डायरेक्टर ऑफ  एस्टेट्स की ओर से प्रियंका को भेजे गए लेटर में कहा गया है कि तय वक्त के बाद भी बंगले में रहने पर उन्हें किराया या फिर जुर्माना देना होगा। पत्र में बंगला खाली कराने के पीछे एसपीजी सुरक्षा हटने को वजह बताया गया है। प्रियंका को एक महीने का नोटिस देकर बंगला खाली करने के लिए कहा गया है। सरकार के इस कदम का कांग्रेस समेत विपक्षी दलों की ओर से विरोध होना तय है। कांग्रेस नेता को भेजी गई चिट्ठी में कहा गया है कि गृह मंत्रालय के एसपीजी प्रोटेक्शन हटाने के बाद आपको सिक्योरिटी कवर दिया गया, जिसमें सुरक्षा आधार पर सरकारी बंगले के आबंटन का प्रावधान नहीं है, इसलिए लोधी एस्टेट का हाउस नंबर 35 का अलॉटमेंट रद्द किया जाता है। आपको एक महीने का कंसेशनल पीरियड दिया जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले साल नवंबर में सरकार ने गांधी परिवार का एसपीजी सिक्योरिटी कवर हटा लिया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App