राकेश पठानिया, सुखराम चौधरी के साथ राजेंद्र गर्ग बनेंगे मंत्री

By: Jul 30th, 2020 12:30 am

राजभवन में राज्यपाल से मिले मुख्यमंत्री, आज होगा शपथ ग्रहण समारोह

शिमला – हिमाचल में जयराम सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार गुरुवार को होगा। इसे लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार शाम को राजभवन जाकर राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मुलाकात की है। मंत्रिमंडल में तीन नए चेहरे शामिल होंगे, जिनमें नूरपुर से राकेश पठानिया, पांवटा साहिब से सुखराम चौधरी और घुमारवीं से राजेंद्र गर्ग शामिल हैं। पीटरहॉफ में गुरुवार सुबह 11ः15 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, वहीं सचिवालय में नए मंत्रियों के कमरे भी सजा दिए गए हैं। मंत्रिमंडल से बाहर जाने वाले पूर्व मंत्रियों के कमरों में ही नए मंत्रियों को बिठाया जाएगा। मंत्रिमंडल विस्तार से पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बुधवार को शाम छह बजे राजभवन पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल से इस मुद्दे पर चर्चा की है। नए मंत्रियों के लिए सचिवालय में ग्राउंड फ्लोर पर कक्ष नंबर 21, 212 व 320 को सजा दिया गया है। इनके स्टाफ के लिए कक्ष नंबर 22, 213 व 321 होगा। प्रदेश मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत 12 सदस्य हो सकते हैं।

मगर वर्तमान में मंत्रिमंडल में तीन पद खाली हैं। हालांकि सरकार के गठन के वक्त मंत्रिमंडल में सभी 11 सदस्यों को शपथ दिलाई गई थी। मगर खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री किशन कपूर के लोक सभा चुनाव जीतने के बाद संसद पहुंचने तथा पुत्र मोह में फंसे ऊर्जा मंत्री रहे अनिल शर्मा के त्याग पत्र के बाद दो पद खाली हो गए। इसके बाद राजनीतिक घटनाक्रम ने कुछ इस कदर करवट बदली किस्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार विधान सभा अध्यक्ष बनाए गए। नतीजतन मंत्रिमंडल में तीन पद खाली हो गए। इन पदों को भरे जाने को लेकर करीब सवा साल से कयास लगाए जा रहे हैं। साथ ही मंत्रिमंडल में स्थान पाने की दौड़ में शामिल नेता भी लगातार लॉबिंग कर रहे हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से संवाद किया था। माना जा रहा है कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी चर्चा की। विस्तार को लेकर हरी झंडी मिलने के बाद अब इसकी तैयारी शुरू हो गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App