रक्षा समिति की बैठकों में राहुत गांधी के नहीं आने पर भाजपा अध्यक्ष ने लिया आड़े हाथों, सलाह देंगे नहीं, टांग जरूर अड़ाएंगे

By: Jul 6th, 2020 1:38 pm

नई दिल्ली — भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर रक्षा समिति की बैठकों में हिस्सा नहीं लेने पर निशाना साधते हुए सोमवार को कहा कि वह एक गौरवशाली वंश परंपरा से जुड़े हैं, जहां समिति कोई मायने नहीं रखती है। श्री गांधी को सितंबर 19 में रक्षा समिति का सदस्य मनोनीत किया गया था और तब से इसकी करीब 12 बैठकें हो चुकी है और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने एक भी बैठक में हिस्सा नहीं लिया है। चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) और गलवान में चीनी सैनिकों के साथ भारतीय सैनिकों को लेकर वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार हमलावर रहे हैं। श्री नड्डा ने श्री गांधी के रक्षा समिति की बैठकों में हिस्सा नहीं लेने पर आज ट्वीट कर निशाना साधा, राहुल गांधी एक गौरवशाली वंश परंपरा से जुड़े हैं, जहां समिति मायने नहीं रखती। कांग्रेस में कई योग्य सदस्य हैं जो संसदीय मामलों को समझते हैं लेकिन एक राजवंश ऐसे नेताओं को कभी बढऩे नहीं देगा। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, राहुल गांधी रक्षा समिति के सदस्य होने के बाद भी एक भी बैठक में शामिल नहीं होते हैं जो निराशाजनक है, लेकिन दु:ख की बात है कि वह लगातार राष्ट्र का मनोबल गिरा रहे हैं। हमारे सशस्त्र बलों की वीरता पर सवाल उठाते हैं और वह सब कुछ करते हैं जो एक जिम्मेदार विपक्षी नेता को नहीं करना चाहिए। श्री गांधी को सितंबर 2019 में रक्षा समिति का सदस्य मनोनीत किया गया था। इस 31 सदस्यों वाली समिति में 21 लोकसभा और 10 राज्यसभा सदस्य हैं। समिति के अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम हैं। समिति के गठन के बाद करीब 12 बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन श्री गांधी किसी भी बैठक में हिस्सा नहीं लिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App