सांप-बिच्छू ने ली दो मासूमों की जान

By: Jul 11th, 2020 12:02 am

बंगाणा में फनियर ने दो सगे भाइयों को काटा, एक की मौत

बंगाणा – बंगाणा उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत करमाली के गांव नाहरी देवी सिंह में सांप के काटने से एक 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि उसका 14 वर्षीय बड़ा भाई होशियारपुर पंजाब के एक अस्पताल में जिंदगी व मौत के बीच जंग लड़ रहा है। मृतक की पहचान दर्शन (13) पुत्र स्व. निर्मल सिंह के रूप में हुई हैं। जानकारी के अनुसार नाहरी देवी सिंह गांव में गुरुवार रात दर्शन व विशेष दोनों सगे भाई इकट्ठे सो रहे थे। वहीं, पास ही में उनकी दो बहनें भी सोई हुई थीं। रात के समय एक सांप ने एक के बाद एक दोनों भाइयों को डसा, तो दोनों चिल्लाएं। इतने में इनकी मां ने कमरे की लाइट जलाईं तो उसने बिस्तर से उतरते हुए सांप को देखा। मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। इसके बाद दोनों लड़कों को उपचार के लिए बंगाणा और इसके बाद ऊना अस्पताल लाया गया। शरीर में ज्यादा जहर फैल जाने के चलते क्षेत्रीय अस्पताल ऊना से दोनों को पीजीआई के लिए रैफर कर दिया गया, लेकिन परिजन उन्हें होशियारपुर स्थित एक अस्पताल ले गए। वहीं, एक बच्चे की रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को होशियारपुर में अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। बताते चलें कि उनके पिता निर्मल सिंह की मौत चार वर्ष पूर्व हो चुकी है। बंगाणा थाना के प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है, जबकि दूसरे लड़के का उपचार अस्पताल में चल रहा है।

स्वारघाट में बिच्छू के डंक से बच्ची की उखड़ी सांसें

स्वारघाट  – उपमंडल स्वारघाट के तहत ग्राम पंचायत बैहल में घर के आंगन में बिच्छू के डंक से एक 12 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। क्षेत्र में अचानक हुए इस हादसे के चलते मातम छाया हुआ है, वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मासूम सातवीं कक्षा की छात्रा थी। मासूम को बुधवार देर रात एक जहरीले बिच्छू ने ढंक मारा था, जिसके बाद अचेत अवस्था में परिजन उसे आनंदपुर अस्पताल ले गए। वहां पर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे चिकित्सकों ने पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया। वहीं पीजीआई में इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को मासूम का कीरतपुर के पातालपुरी में दाह संस्कार कर दिया गया। जानकारी के अनुसार अंचला देवी पुत्री सुरेश कुमार निवासी गांव बैहल बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे आंगन में बंधे पालतू कुत्ते को छोडऩे के लिए गई थी। इस दौरान उसे एक बिच्छू ने डंक मार दिया। इसके बाद वह अचेत हो गई। परिजनों ने बिच्छू को उसी समय मार दिया। मासूम की तबीयत में सुधार नहीं होने पर गुरुवार सुबह परिजन उसे आनंदपुर अस्पताल ले गए। वहां से डाक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया। पीजीआई में दोपहर बाद मासूम ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने कीरतपुर के पातालपुरी में उसका अंतिम संस्कार कर दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App