सरकार… अब तो दे दो पगार; एचआरटीसी कर्मचारी वेतन का कर रहे इंतजार, नहीं मिली राहत

By: Jul 13th, 2020 12:06 am

शिमला – हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को अभी तक मासिक वेतन नहीं मिला है। ये कर्मी इंतजार कर रहे हैं कि कब उनके  खाते वेतन आएगा, मगर अभी तक राहत नहीं मिल पाई है। सूत्रों के मुताबिक निगम प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों को मासिक वेतन की अदायगी के लिए सरकार से इक्विटी शेयर की डिमांड की गई थी, मगर अभी तक सरकार इस पर फैसला नहीं हो पाया है। इसके चलते निगम के कर्मचारियों को मासिक वेतन नहीं मिल पाया है। हालांकि निगम के अधिकारियों ने 11 जुलाई तक वेतन अदायगी की बात कही थी, मगर 12 जुलाई  भी बीत गई है, लेकिन अभी तक कर्मचारियों को उनका वेतन नहीं मिल पाया है। उल्लेखनीय है कि निगम में मौजूदा समय में साढ़े 10 हजार कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। वहीं इससे कहीं ज्यादा पेंशनर हैं। कोरोना काल में निगम ने सरकार से तीन माह में इक्विटी शेयर को पैसा लिया था। इस माह फिर से सरकार से इक्विटी मांगी गई है। समय पर वेतन व पेंशन की अदायगी न होने से कर्मचारियों व पेंशनर्ज में नराजगी है। वहीं निगम कर्मचारियों को पिछले सप्ताह के दौरान भी समय पर वेतन नहीं मिल पाया था। पिछले सप्ताह भी कर्मचारियों को 11 तारीख को वेतन मिला था, मगर इस माह 12 तारीख को भी वेतन नहीं मिल पाया है। समय पर वेतन की अदायगी न होने से कर्मचारी पशोपेश में हैं।

प्रदेश में चल रहे 1200 रूट

हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी द्वारा मौजूदा समय में 1200 के करीब रूटों पर यात्रियों को परिवहन सेवा प्रदान की जा रही है। हालांकि निगम बसों में आक्यूपेंसी में गत दिनों के मुकाबले बढ़ोतरी आई है। निगम की बसों में आक्यूपेंसी 32 फीसदी से पार हो गई है, मगर इसके बावजूद निगम को कोई फायदा नहीं हुआ है। उलटा नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में निगम कर्मचारियों व पेंशनर्ज के लिए पैसा नहीं जुटा पा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App