सेब ने बाग-बाग किए बागबान; अर्ली वैरायटी स्पर की मार्केट में दस्तक,  सीजन के शुरुआत में मिले रिकार्ड तोड़ दाम

By: Jul 11th, 2020 12:06 am

भट्टाकुफर फल मंडी में ठियोग के टयाली से पहुंचे 40 बॉक्स

शिमला – हिमाचल प्रदेश में सेब सीजन ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। टाइडमैन सेब के बाद अर्ली वैरायटी स्पर सेब ने मार्केट में दस्तक दे दी है। मार्केट में स्पर सेब की वैरायटी को रिकार्ड तोड़ दाम मिलने से बागबान बाग-बाग हो गए हैं। शिमला के भट्टाकुफर फल मंडी में शुक्रवार को ठियोग के टयाली से स्पर वैरायटी के 40 बॉक्स पहुंचे हैं। फल मंडी पहुंचे सेब को रिकार्ड तोड़ दाम मिले हैं। स्पर वैरायटी का यह सेब चार हजार रुपए के हिसाब से बिका है। सेब सीजन के शुरुआत में ही स्पर वैरायटी के सेब को रिकार्ड तोड़ दाम मिलने से बागबानों के चेहरे खिल गए हैं। कोविड के दौरान बागबानों को सेब सहित नाशपाती के उम्दा दाम मिल रहे हैं। टाइडमैन सेब 400 से 2200 रुपए प्रति बॉक्स के हिसाब से बिक रहा है। वहीं नाशपाती ने बागबानों को मालामाल कर दिया है। नाशपाती के बॉक्स 600 से तीन हजार रुपए तक बिक रहा है। हालांकि गत दिनों के दौरान टाइडमैन और नाशपाती के दामों में हल्का उछाल आया था, मगर टाइडमैन और नाशपाती के दामों में फिर से बढ़ोतरी आई है। इससे बागबानों के चेहरे खिल गए हैं।

सेब सीजन ने पकड़ी रफ्तार

प्रदेश में सेब सीजन ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। फल मंडियों में रोजाना सेब बॉक्स के अराइवल में बढ़ोतरी रिकार्ड की जा रही है। हालांकि अभी तक  सेब की अर्ली वैरायटी टाइडमैन के बॉक्स ही मार्केट में पहुंच रहे थे, मगर अब टाइडमैन के साथ स्पर वैरायटी के सेब ने मार्केट में दस्तक दे दी है।

बागबानों को मिल रहे अच्छे दाम

सेब सीजन की शुरुआत में बागबानों को फसल के अच्छे दाम मिल रहे हैं। प्रदेश में सेब सीजन की शुरुआत में ही बागबानों को कई वर्षों के बाद इतने अधिक दाम मिल रहे हैं। इससे बागबानों के चेहरे खिल गए हैं। रॉयल सेब के मार्केट में दस्तक देते ही सेब के दामों में और उछाल आने की संभावना जताई जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App