शिक्षा मंत्रालय की गाइडलाइंस, प्री प्राइमरी छात्रों के लिए ऑनलाइन क्लास 30 मिनट से ज्यादा नहीं

By: Jul 16th, 2020 12:05 am

 शिक्षा मंत्रालय की गाइडलाइंस, पहली से आठवीं तक के लिए 45-45 मिनट के दो सेशन  9वीं से 12वीं कक्षा के लिए 30-45 मिनट्स के चार सेशन

मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने एक गाइडलाइंस जारी की है। इसमें बताया गया है कि एक दिन में क्लास कितने देर की हो और कितना सेशन हो। कोविड-19 के बाद के हालात में ऑफलाइन क्लासों का आयोजन मुश्किल है। ऐसे में स्कूलों ने ऑनलाइन क्लासेज शुरू की है। ऑनलाइन क्लासों में छात्रों का स्क्रीन टाइम बढ़ गया है। इसको लेकर अभिभावकों ने चिंता जताई, जिसके बाद मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से गाइडलाइंस जारी की गई है। इस गाइडलाइंस का नाम प्रज्ञाता है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने इसके माध्यम से अनुशंसा की है कि प्री प्राइमरी के छात्रों के लिए ऑनलाइन क्लास 30 मिनट से ज्यादा समय की नहीं होनी चाहिए। पहली से आठवीं तक के लिए 45-45 मिनट के दो ऑनलाइन सेशन और 9वीं से 12वीं तक के लिए 30-45 मिनट्स के चार सेशन की सिफारिश की गई है। मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा, कोविड-19 महामारी की वजह से स्कूल बंद हो गए हैं और स्कूलों में पढ़ रहे देश के करीब 24 करोड़ बच्चे प्रभावित हुए हैं। स्कूलों को ज्यादा समय तक बंद रहने से छात्रों की पढ़ाई का नुकसान होगा। महामारी के असर को कम करने के लिए स्कूलों को न सिर्फ अब तक अपनाए गए पढ़ाने और सिखाने के मॉडल को बदलना होगा, बल्कि उनको एक उपयुक्त सिस्टम भी अपनाना होगा। गाइडलाइंस को छात्रों के दृष्टिकोण से तैयार किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App