उत्तर प्रदेश में पेंसिल बम बनाने वाली फैक्टरी में लगी आग, छह महिलाओं के साथ एक बच्चे की मौत, कई लोग घायल

By: Jul 5th, 2020 5:29 pm

गाजियाबाद — उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिला में एक पेंसिल बम बनाने वाली फैक्टरी में भीषण आग लग गई है। आग की चपेट में आने से अभी तक सात लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में छह महिलाएं और एक बच्चा है। कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है। आग पर काबू पाने के लिए फायर बिग्रेड और पुलिस की टीम घटनास्थल पर मौजूद है। बताया गया कि इस अवैध फैक्टरी में बर्थ-डे केक पर लगने वाले पेंसिल बम और मोमबत्ती बनाई जाती है। फैक्टरी में महिलाओं और बच्चे भी काम करते हैं, यही कारण है कि मरने वालों में छह महिलाएं और एक बच्चा है। सूचना मिलने के तत्काल बाद ही पुलिस और फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। आग बुझाने का काम जारी है। घायलों को निकालकर अस्पताल भेजने का काम किया जा रहा है।

आग लगने के कारण बाहर नहीं निकल सके लोग
चीफ फायर सेफ्टी ऑफिसर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि 4 बजे के करीब यहां पर आग एक छप्पर में लगी। जिसके बाद पूरी फैक्टरी में यह आग फैल गई। अंदर काम कर रहे लोग बाहर नहीं निकल सके। जलने की वजह से इन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। फैक्टरी मालिक का नाम नितिन बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि अंदर कुछ और लोग भी फंसे हो सकते है। जिसके निकालने के लिए पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम लगी हुई है। घायलों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के लोगों ने बताया कि गांव में ही यह फैक्टरी चल रही थी। आसपास के लोग ही इस फैक्टरी में आकर काम करते थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App