वाह! बिलासपुर अस्पताल में फिर शुरू हुआ लंगर

By: Jul 8th, 2020 12:22 am

बिलासपुर-जिला मुख्यालय पर स्थित क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर लगे लॉकडाउन के चलते करीब साढ़े तीन माह से बंद लंगर को एक बार फिर शुरू कर दिया गया है। मां दुर्गा लंगर ट्रस्ट द्वारा बीते सोमवार से मरीजों व उनके तीमारदारों के लिए इस लंगर को नए स्वरूप के साथ शुरू किया गया है। अब यहां डिब्बे में पैक करके भोजन दिया जा रहा है। रोजाना करीब 250 से 300 डिब्बे तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति के हाथों को सेनेटाइज करने सहित सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। क्षेत्रीय अस्पताल की तीसरी मंजिल पर मां दुर्गा लंगर ट्रस्ट द्वारा पिछले डेढ़ वर्षों से लंगर सेवा चलाई जा रही है। जिसमें रोजाना सुबह के समय ब्रेड व चाय तथा दोपहर के समय भोजन की व्यवस्था की जाती है। लेकिन, लॉकडाउन के चलते करीब साढ़े तीन माह से इस सेवा को बंद कर दिया गया था। अब छह जुलाई से एक बार फिर इस सेवा को शुरू कर दिया गया है। कोरोना वायरस के खतरे के चलने सरकार व प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों की पालना करते हुए ट्रस्ट द्वारा यहां मरीजों व उनके तीमारदारों को खाना मुहैया करवाया जा रहा है। ट्रस्ट के माध्यम से यहां एक व्यक्ति की ड्यूटी लोगों के हाथ सेनेटाइज करने के लिए लगाई गई है तथा दो व्यक्ति सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाने के लिए तैनात किए गए हैं। वहीं, एक व्यक्ति खाने का डिब्बा देने के लिए है। लंगर हॉल में मात्र खाने लेने वाले व्यक्तियों को लाइन में एंट्री दी जा रही है। बता दें कि पहले हर सोमवार को मां दुर्गा लंगर ट्रस्ट द्वारा चंगर सेक्टर में स्थित मां दुर्गा मंदिर से लंगर सेवा की जाती थी। रोजाना सुबह सात से साढ़े बजे तक चाय व ब्रेड दी जाती है तथा साढ़े 12 बजे तक से 3 बजे तक दिन का भोजन दिया जाता है। ट्रस्ट में 11 ट्रस्टी हैं, जबकि 40 के करीब सदस्य शामिल हैं। वहीं, सचिव मां दुर्गा लंगर ट्रस्ट बिलासपुर भूपेंद्र टाडू ने कहा कि कोरोना वायरस के खतरे के चलते बनाए गए नियमों को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट द्वारा दोबारा से लंगर सेवा शुरू कर दी गई है। अब डिब्बों में पैक करके खाना दिया जा रहा है। पहले दिन सोमवार को करीब 230 डिब्बे तैयार किए गए थे, जबकि मंगलवार को 310 डिब्बे वितरीत किए गए। जल्द ही रात्रि भोजन की सुविधा भी शुरू कर दी जाएगी।

जल्द ही रात्रि भोजन की भी मिलेगी सुविधा

लंगर में सुबह व दोपहर के साथ-साथ अब जल्द ही रात्रि भोजन की सुविधा भी मिलेगी। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। रात्रि भोजन में चपातियों भी दी जाएंगी। इसके लिए जिला प्रशासन के माध्यम से चपातियां बनाने की ऑटोमेटिक मशीन खरीदने के लिए आर्थिक मदद मुहैया करवाई गई है। तीन यूनिट इस मशीन में आटा गूंदने, पेड़ा बनाने व चपाती बनाने तक की सुविधा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App